रेणुका शहाणे ने साझा किया 'हम आपके हैं कौन' का मजेदार किस्सा, माधुरी दीक्षित का था खास रोल!
रेणुका शहाणे का दिलचस्प अनुभव
मुंबई, 22 अक्टूबर। हाल ही में, अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने माधुरी दीक्षित के क्विज रियलिटी शो 'कौन होणार करोडपती' में भाग लिया। इस अवसर पर, उन्होंने फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया।
रेणुका ने बताया कि एक बार प्रसिद्ध फिल्म निर्माता डेविड धवन फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट पर आए थे। चूंकि वह उस समय फिल्म इंडस्ट्री में नई थीं, इसलिए उन्हें पहचानने में कठिनाई हुई।
उन्होंने कहा, 'माधुरी ने मुझे बुलाया और डायरेक्टर से मिलने के लिए कहा, लेकिन मैं यह नहीं समझ पा रही थी कि वह कौन हैं, क्योंकि वहां कई लोग एक साथ बैठे थे।' इस घटना को याद करते हुए, रेणुका ने कहा, 'डेविड धवन जी उस समय फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट पर आए थे। मैं नई थी और ज्यादा लोगों को नहीं जानती थी, तभी माधुरी ने मुझे आवाज दी।'
रेणुका ने आगे बताया, 'माधुरी ने कहा, 'इनसे मिलो। ये बहुत बड़े डायरेक्टर हैं।' उस समय मैं समझने की कोशिश कर रही थी कि उनमें से डेविड धवन कौन हैं। फिर माधुरी ने इशारा करते हुए कहा, 'तुम्हें नहीं पता ये कौन हैं? तुम इस इंडस्ट्री में हो और तुम्हें नहीं पता ये कौन हैं?' इस पर मैं रोने लगी। डेविड जी ने हंसते हुए कहा, 'अरे, ऐसी कोई बात नहीं है। मैं कोई इतना बड़ा डायरेक्टर नहीं हूं।' तब तक वह एक प्रसिद्ध डायरेक्टर बन चुके थे।'
यह उल्लेखनीय है कि माधुरी दीक्षित और रेणुका शहाणे ने 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'हम आपके हैं कौन' में बहनों का किरदार निभाया था। इस फिल्म में रेणुका ने पूजा और माधुरी ने निशा का रोल किया था। सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सलमान खान, अनुपम खेर, रीमा लागू, मोहनीश बहल, आलोक नाथ जैसे कई बड़े कलाकार शामिल थे।
.png)