Movie prime

राजेश कुमार ने साझा की छठ पूजा की यादें, इस साल नहीं मना पाएंगे त्योहार

राजेश कुमार, जो 'साराभाई वर्सेज साराभाई' जैसे शोज में नजर आते हैं, ने छठ पूजा से जुड़ी अपनी यादें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि इस साल वह त्योहार में शामिल नहीं हो पाएंगे क्योंकि वह शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। जानें उनके लिए छठ पूजा का क्या महत्व है और कैसे यह त्योहार परिवार और आस्था का प्रतीक है।
 

छठ पूजा का विशेष महत्व




मुंबई, 15 नवंबर। अभिनेता राजेश कुमार, जो 'साराभाई वर्सेज साराभाई' और 'कोटा फैक्ट्री' जैसे लोकप्रिय शोज में अपनी अदाकारी के लिए जाने जाते हैं, का छठ पूजा से गहरा संबंध है। जब भी छठ का नाम आता है, उन्हें अपने बचपन के दिन और मां के साथ त्योहार मनाने की यादें ताजा हो जाती हैं। उनके लिए यह त्योहार परिवार, आस्था और अपनी जड़ों से जुड़ने का प्रतीक है। उन्होंने इस त्योहार से जुड़ी एक खास याद साझा की।


राजेश ने कहा, ''मेरी सबसे प्रिय यादों में से एक वह है जब मेरी मां ने पटना में छठ पूजा मनाई थी। प्रशासन को इसकी जानकारी मिल गई थी और उन्होंने पूरे शहर में मेरी मां को शुभकामनाएं देने वाले बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनर लगा दिए थे। छठ से जुड़ी मेरी कई यादें हैं, लेकिन मां के साथ यह त्योहार मनाना हमेशा मेरे लिए खास रहा है।''


राजेश ने छठ पूजा को अनुशासित त्योहारों में से एक बताते हुए इसके नियमों और परंपराओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ''इस त्योहार में केवल व्रत रखना ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, शुद्धता और आत्म-नियंत्रण का भी विशेष महत्व है। व्रति को लगभग 36 घंटे तक बिना पानी के रहना पड़ता है। इस दौरान खानपान से लेकर पूजा की सभी तैयारियों में शुद्धता का ध्यान रखा जाता है।''


उन्होंने आगे कहा, ''छठ पूजा की एक खास बात यह है कि इसमें प्रकृति के सभी तत्वों के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। इस त्योहार में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इस पूजा में अमीर-गरीब, उम्र और सामाजिक स्थिति का कोई भेद नहीं होता। सभी एक साथ मिलकर पूजा करते हैं और केवल अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए सुख और समृद्धि की कामना करते हैं। यही भावना छठ को अन्य त्योहारों से अलग बनाती है।''


इस साल छठ पूजा में भाग न ले पाने के बारे में राजेश ने कहा कि वह त्योहार के पहले दिन से शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। उन्होंने कहा, ''मेरी हर दिन शूटिंग है और त्योहार के पहले दिन भी काम करना होगा, इसलिए इस साल मैं छठ पूजा को बहुत मिस करूंगा। मुझे जश्न का हिस्सा बनने और त्योहार के माहौल को महसूस करने की बहुत याद आएगी।''


OTT