रणदीप हुड्डा की मां ने सिनेमा में रखा कदम, हरियाणवी फिल्म में निभाया दादी का किरदार!
रणदीप हुड्डा की मां का सिनेमा में डेब्यू
मुंबई, 2 अप्रैल। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणदीप हुड्डा ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है, लेकिन अब उनकी मां भी सिनेमा की दुनिया में कदम रख चुकी हैं।
आशा हुड्डा, रणदीप की मां, ने क्षेत्रीय सिनेमा में अपनी शुरुआत की है, और इस खुशी को अभिनेता ने मजेदार अंदाज में साझा किया।
उन्होंने अपनी मां की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "जब मां के रोल का समय आया, तब नहीं मिल पाई, अब सीधे दादी का रोल... आज आपको पर्दे पर देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं, मां। पूरी टीम को बधाई।"
हरियाणवी फिल्म 'सांगी' गुरुवार को हरियाणवी ओटीटी प्लेटफॉर्म 'स्टेज' पर रिलीज हुई है। फिल्म का ट्रेलर एक दिन पहले ही लॉन्च किया गया था।
इस फिल्म की कहानी एक ऐसे कलाकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे डांस करना पसंद है और वह गांव में महिला बनकर डांस करता है। इस कला को हरियाणा में सांगी कहा जाता है, जो आमतौर पर किन्नर करते हैं। कुलदीप नाम का लड़का सांगी बनकर पहचान बनाना चाहता है, लेकिन उसे अपने परिवार और गांव वालों से भी चुनौती का सामना करना पड़ता है। यह कहानी एक कला को पहचान दिलाने की मेहनत को दर्शाती है।
दिलचस्प बात यह है कि कुछ महीनों पहले रणदीप को स्टेज ऐप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। तब से वह क्षेत्रीय हरियाणवी फिल्मों का समर्थन कर रहे हैं और कुछ फिल्मों में निवेश भी कर रहे हैं।
इससे पहले, रणदीप की बहन अंजलि हुड्डा ने भी हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। उन्होंने अपने भाई की फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' में एक छोटा सा रोल निभाया था। इस फिल्म में अंजलि ने रणदीप के किरदार के लिए वजन घटाने और बढ़ाने में मदद की थी। अभिनेता ने वीर सावरकर के जेल के हालात को दिखाने के लिए 28 दिनों में 18 किलो वजन कम किया था।
.png)