मिजोरम की खूबसूरती को दर्शाती डॉक्यूमेंट्री 'चलो इंडिया एरिकजी विद मिजोरम' इफ्फी में हुई प्रदर्शित
इफ्फी में स्नेहिल दीक्षित का योगदान
गोवा, 23 नवंबर। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में भारतीय पैनोरमा खंड के तहत डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'चलो इंडिया एरिकजी विद मिजोरम' का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर अभिनेत्री स्नेहिल दीक्षित फिल्म के प्रजेंटर एरिक के साथ उपस्थित रहीं।
स्नेहिल ने इफ्फी में बातचीत के दौरान फिल्म और मिजोरम की प्राकृतिक सुंदरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "इफ्फी में आना मेरे लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव है। मैं आपको एरिक जी से मिलवाना चाहती हूं, जो इस फिल्म के प्रजेंटर हैं। यह फिल्म मिजोरम की खूबसूरती को दर्शाती है।"
फिल्म के विषय में बात करते हुए, स्नेहिल ने बताया कि यह फिल्म भारत के सकारात्मक पहलुओं को उजागर करती है, जो वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि अच्छाई की हमेशा जीत होती है। हमारे देश में अच्छाई की भरपूरता है, जिसे अब और अधिक उजागर करने की आवश्यकता है। इस शो के लिए मैं हमारे निर्देशक राजदीप चौधरी का आभार व्यक्त करना चाहूंगी, जिन्होंने हमारे देश को खूबसूरती से प्रस्तुत किया है।"
स्नेहिल ने यह भी बताया कि यह फिल्म अपने आप में एक विशेष और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। उन्होंने दर्शकों से आग्रह किया कि वे इसे अवश्य देखें, ताकि वे मिजोरम की विविधता को समझ सकें।
अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस फिल्म में अभिनय नहीं कर रही हैं, बल्कि एक क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, "मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हूं।"
राजदीप चौधरी द्वारा निर्देशित यह 48 मिनट की अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री मिजोरम की उच्च साक्षरता दर, नागरिक अनुशासन, फुटबॉल के प्रति प्रेम, पारंपरिक भोजन और नृत्य, और महिलाओं की सक्रिय भूमिका को दर्शाती है। यह फिल्म ब्रिटेन के पूर्व सांसद एरिक ओलेरेंशॉ की मिजोरम यात्रा पर आधारित है, जो वहां के समाज और संस्कृति को करीब से देखते हैं।
.png)