Movie prime

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर': क्या है इस ऐतिहासिक कहानी का महत्व?

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' देश के आर्थिक इतिहास पर आधारित है, जो युवाओं को महत्वपूर्ण सीख देने का प्रयास करती है। फिल्म 12 जून को रिलीज होगी और इसमें दर्शकों को उस समय की झलक मिलेगी जब भारत की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। जानें इस फिल्म के पीछे की कहानी और इसके महत्व के बारे में।
 
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर': क्या है इस ऐतिहासिक कहानी का महत्व?

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' पर चर्चा


मुंबई, 4 जून। भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी नई फिल्म 'गवर्नर' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका मानना है कि यह फिल्म देश के आर्थिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे हर पीढ़ी को देखना चाहिए।


प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि यह फिल्म युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सीख हो सकती है। उन्होंने अपनी तैयारी, रिसर्च और फिल्म की कहानी के पीछे छिपे संदेश पर भी चर्चा की।


मनोज ने कहा, ''आज का युवा भारत जो देख रहा है, वह हमेशा ऐसा नहीं था। एक समय था जब देश की आर्थिक स्थिति बहुत कठिन थी। आज जो सुविधाएं और विकल्प उपलब्ध हैं, उनके पीछे कई महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णय और सुधारों की लंबी प्रक्रिया है। नई पीढ़ी को यह समझना चाहिए कि देश ने कैसे कठिनाइयों का सामना कर आज यहां तक पहुंचा है।''


उन्होंने आगे कहा, ''यह फिल्म युवाओं को उस समय की झलक दिखाएगी, जब भारत में आज जैसी सुविधाएं नहीं थीं। उस समय बड़े शॉपिंग सेंटर नहीं थे और विदेशी उत्पाद आसानी से उपलब्ध नहीं थे। हम उस दौर की बात कर रहे हैं जब विकल्प सीमित थे और देश आर्थिक बदलावों के दौर से गुजर रहा था।''


मनोज ने उदाहरण देते हुए कहा कि 1992 का समय आज की पीढ़ी के लिए किसी इतिहास की किताब जैसा हो सकता है। उस समय क्रिकेट मैचों का प्रसारण भी एक बड़ी बात थी। मनोरंजन, बाजार और तकनीक के क्षेत्र में आज जितनी तेजी है, उस समय ऐसा माहौल नहीं था। यह फिल्म दर्शकों को देश के इतिहास और आर्थिक बदलावों के बारे में भी जानकारी देगी।


फिल्म 'गवर्नर' की कहानी एस. वेंकटरमणन से प्रेरित है, जो उस समय भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर थे, जब देश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। फिल्म इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को बड़े पर्दे पर पेश करने का प्रयास करती है।


यह फिल्म सनसाइन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत की जा रही है, जिसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह और निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्यजी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल शाह ने मिलकर लिखी है। 'गवर्नर' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


OTT