Movie prime

भारतीय सिनेमा के दिग्गज बीआर चोपड़ा: सामाजिक मुद्दों पर आधारित उनकी अनमोल फिल्में

बीआर चोपड़ा, भारतीय सिनेमा के एक महान फिल्मकार, ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण फिल्में बनाई जो सामाजिक मुद्दों को उजागर करती हैं। उनका प्रोडक्शन हाउस 'बीआर फिल्म्स' ने कई चर्चित फिल्में जैसे 'नया दौर' और 'साधना' का निर्माण किया। चोपड़ा साहब की फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में जीवित हैं। जानें उनके जीवन और कार्यों के बारे में इस लेख में।
 
भारतीय सिनेमा के दिग्गज बीआर चोपड़ा: सामाजिक मुद्दों पर आधारित उनकी अनमोल फिल्में

बीआर चोपड़ा का योगदान


मुंबई, 22 अप्रैल। फिल्म निर्माता और निर्देशक बलदेव राज चोपड़ा, जिन्हें बीआर चोपड़ा के नाम से जाना जाता है, भारतीय सिनेमा के उन महान व्यक्तित्वों में से एक थे, जिन्होंने मनोरंजन के साथ-साथ गंभीर सामाजिक मुद्दों को भी उठाया। उनका पूरा करियर सामाजिक जागरूकता, सार्थक कहानियों और साहसिक विषयों से भरा रहा। भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और टीवी धारावाहिक 'महाभारत' आज भी दर्शकों के दिलों में जीवित हैं।


बीआर चोपड़ा का जन्म 22 अप्रैल 1914 को लाहौर (अविभाजित भारत) में हुआ। उन्होंने लाहौर विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में मास्टर डिग्री प्राप्त की और फिल्म समीक्षाएं लिखने के साथ-साथ कहानियां भी लिखी।


1955 में, उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस 'बीआर फिल्म्स' की स्थापना की। उनकी फिल्मों में हमेशा सामाजिक संदेश होते थे। 'नया दौर' (1957) में दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला के साथ उन्होंने श्रमिक और पूंजीपति के संघर्ष को दर्शाया। 'गुमराह', 'कानून', 'हमराज', 'निकाह', और 'कर्म' जैसी फिल्मों ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया। उनकी अंतिम फिल्म 'भूतनाथ' थी। 1998 में, उन्हें भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के अवार्ड प्राप्त हुआ।


1958 में रिलीज हुई बीआर चोपड़ा की फिल्म 'साधना' उनके साहस और साधना का प्रतीक है। यह फिल्म एक वेश्या की जिंदगी और उसके पुनर्वास पर आधारित थी। मुख्य पात्र चंपा (वैजयंतीमाला) एक वेश्या थी, जो कॉलेज के लेक्चरर मोहन (सुनील दत्त) से प्यार करती है। फिल्म ने समाज में वेश्याओं के प्रति सोच और उन्हें मुख्यधारा में लाने का मुद्दा उठाया। फिल्म की घोषणा होते ही इंडस्ट्री में हलचल मच गई। वितरक चोपड़ा साहब को पत्र लिखकर कह रहे थे, “आप क्या कर रहे हैं? हम सब खत्म हो जाएंगे।”


चोपड़ा साहब ने एक इंटरव्यू में बताया कि कई लोगों ने उन्हें समझाया कि वेश्या की कहानी पर पहले भी फिल्में बनी हैं और वे असफल रही हैं। एक वितरक ने सीधे पूछा, “चार फिल्में फ्लॉप हो चुकी हैं, आपको क्या लगता है ये चलेगी?” चोपड़ा साहब ने शांतिपूर्वक उत्तर दिया, “जब मैंने अपनी पहली फिल्म बनाई थी, तब भी मुझे नहीं पता था कि वो चलेगी या नहीं। मुझे कहानी पसंद आई, इसलिए बनाई। यह भी अच्छी लगी, इसलिए बना रहा हूं।”


मूल कहानी में अंत अलग था, जिसमें वेश्या मंदिर में उपदेश सुनकर बदल जाती थी, लेकिन चोपड़ा साहब ने इसे सामाजिक दृष्टिकोण से खत्म करने वाला माना। उन्होंने लेखक पंडित मुखराम शर्मा से कहा कि अंत ऐसा होना चाहिए जिसमें मां अपनी बेटी का हाथ पकड़कर कहे, “तुम इस घर में बहू बनकर आई थी, वेश्या बनकर बाहर नहीं जा सकती।” यही अंत रखा गया।


जब फिल्म रिलीज हुई, तो मराठा मंदिर में महिलाओं की भीड़ लग जाती थी। इंटरवल में चोपड़ा साहब जब ऊपर जाते, तो आंसू रोक नहीं पाते। फिल्म ने वेश्या की कहानी को न केवल दिखाया बल्कि उसे सम्मान और पुनर्वास का संदेश भी दिया। 'औरत ने जनम दिया मर्दों को' गीत आज भी प्रासंगिक है।


OTT