नयनतारा की 'महाशक्ति': मूकुथी अम्मन का दमदार टीजर हुआ रिलीज!
महाशक्ति का टीजर हुआ जारी
मुंबई, 14 सितंबर (वेब वार्ता)। दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अदाकारा नयनतारा की नई फिल्म 'महाशक्ति' का टीजर हाल ही में लॉन्च किया गया है। इस फिल्म का निर्देशन सुंदर सी. ने किया है, जिसमें नयनतारा एक बार फिर से अपने चर्चित किरदार 'मूकुथी अम्मन' में नजर आएंगी। 2020 में आई 'मूकुथी अम्मन' में उनके इस किरदार को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था, और अब इसकी वापसी ने फिल्म के प्रति दर्शकों की जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है। टीजर में शानदार दृश्य, भव्य सेट और रहस्यमय वातावरण को दर्शाया गया है।
'महाशक्ति' का निर्माण डॉ. ईश्वरी के. गणेश ने वेल्स फिल्म इंटरनेशनल के सहयोग से अवनी मीडिया, आईवीवाई एंटरटेनमेंट और राउडी पिक्चर्स के बैनर तले किया है। इस फिल्म में नयनतारा के साथ रेगिना कैसांद्रा, योगी बाबू और ऊर्वशी जैसे कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। टीजर में नयनतारा का एक नया और शक्तिशाली रूप देखने को मिला है। निर्देशक सुंदर सी. ने इस बार 'मूकुथी अम्मन' की दुनिया को बड़े पैमाने पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
फिल्म 'महाशक्ति' को नवंबर 2026 में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। उत्तर भारत में इसके वितरण की जिम्मेदारी एए फिल्म्स संभालेगी। नयनतारा के इस लोकप्रिय किरदार की वापसी और फिल्म की भव्यता को देखते हुए, 'महाशक्ति' को लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा के साथ-साथ हिंदी दर्शकों में भी उत्साह बना हुआ है।
.png)