गुजराती फिल्म 'गेट सेट गो' ने बाढ़ राहत के लिए प्रमोशन बजट दान किया!
फिल्म 'गेट सेट गो' की अनोखी पहल
राजकोट, 29 जुलाई। गुजराती सिनेमा में अपनी विशेष पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर मल्टीस्टारर एडवेंचर फिल्म 'गेट सेट गो' ने रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बन गई है। फिल्म की टीम ने एक सराहनीय कदम उठाया है।
फिल्म के प्रमोशन के लिए निर्धारित बजट को अब गुजरात में बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता में लगाने का निर्णय लिया गया है। टीम का मानना है कि इस समय फिल्म के प्रचार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है उन लोगों की मदद करना, जो प्राकृतिक आपदाओं का शिकार हुए हैं।
फिल्म के अभिनेता दीपक तिजोरी ने इस पहल के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, "हमने राजकोट के कलेक्टर ओमप्रकाश सिंह से मुलाकात की। पहले हमारी योजना थी कि फिल्म का प्रमोशन बड़े पैमाने पर किया जाएगा, लेकिन बाढ़ के कारण हुए नुकसान को देखते हुए हमने अपने विचार में बदलाव किया। अब हम प्रमोशन के लिए निर्धारित राशि को बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में लगाने का निर्णय लिया है।"
फिल्म टीम के सदस्य भौमिक संपत ने भी इस पहल के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "हमारी फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हो रही है। इसी सिलसिले में हम कलेक्टर से मिले थे। हमने प्रमोशन के लिए जो राशि रखी थी, उसे जरूरतमंदों की सहायता के लिए दान कर दिया है। हम फिल्म की रिलीज से पहले और बाद में भी मदद करते रहेंगे।"
अभिनेत्री और लेखिका जीनल बेलानी ने इस निर्णय को फिल्म की कहानी से जोड़ा। उन्होंने कहा, "हमारी फिल्म 'गेट सेट गो' उन लोगों के बारे में है, जो 'चिरंजीवी' नामक समूह बनाकर जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। जब हमें प्रमोशन का समय आया और हमने बाहरी हालात देखे, तो हमें एहसास हुआ कि इस समय लोगों को हमारी मदद की अधिक आवश्यकता है।"
'गेट सेट गो' एक मल्टीस्टारर एडवेंचर ड्रामा है, जिसे वाल्मिकी पिक्चर्स और जलियान ग्रुप ने बनाया है। इसका निर्देशन अर्णव कुमार ने किया है। फिल्म में दीपक तिजोरी, भौमिक संपत, जीनल बेलानी, रौनक कामदार, भव्य गांधी, ओम भट्ट, शरद शर्मा, धर्मेंद्र गोहिल, मुनि झा, और अस्मित जोशी जैसे कलाकार शामिल हैं।
'गेट सेट गो' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
.png)