क्या है ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के नए गाने का जादू? जानें दर्शन रावल की खास बातें!
गाने का भावनात्मक सफर
मुंबई, 13 अक्टूबर (वेब वार्ता)। जीवन में हम आगे बढ़ते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते और उनकी यादें हमेशा हमारे दिल में बसी रहती हैं। इसी भावना को दर्शाते हुए ‘जाने किस मोड़ पे’ गाना प्रस्तुत किया गया है। यह ट्रैक आगामी फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का हिस्सा है, जिसे प्रसिद्ध गायक दर्शन रावल ने गाया है।
दर्शन ने बताया कि इस गाने में पुराने रिश्तों से फिर से जुड़ने की खुशी, मन में हल्की बेचैनी और अतीत को फिर से जीने का अनुभव है।
उन्होंने कहा, ”इस गाने की सबसे खास बात यह है कि यह पुरानी यादों से जुड़ी उम्मीद को दर्शाता है। मैं चाहता हूं कि इसे सुनने वाले लोग भी अपने जीवन के उन खास लम्हों को याद करें, जो उनके दिल में आज भी जीवित हैं। कभी-कभी किसी पुराने साथी से दोबारा मिलने का ख्याल भी अद्भुत होता है, जो कभी हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा हो। ऐसे में मन में कई सवाल उठते हैं कि इतने समय बाद मिलने पर कैसा अनुभव होगा और क्या पहले जैसा अपनापन महसूस होगा।”
गाने के संगीतकार रोचक कोहली ने भी इसके पीछे की भावना पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “यह एक ऐसे सफर की तरह है, जिसमें इंसान को नहीं पता होता कि अंत में उसके लिए क्या इंतजार कर रहा है। संगीत के माध्यम से हमने उस उत्साह और घबराहट को व्यक्त करने की कोशिश की है, जो कई सालों बाद अपने पहले क्रश से मिलने पर होती है। दर्शन रावल की आवाज गाने में गर्मजोशी और एक अलग एहसास लाती है, जबकि गीतकार गुरप्रीत सैनी के बोल इस भावना को और भी खूबसूरती से व्यक्त करते हैं।”
गीतकार गुरप्रीत सैनी ने कहा, ”’जाने किस मोड़ पे’ प्यार की उम्मीद और जीवन में अनजाने तरीके से मिलने वाले रिश्तों की कहानी बयां करता है। मैंने गाने के बोल सरल रखे हैं, ताकि वे फिल्म के पात्रों की भावनाओं से मेल खा सकें। फिल्म की कहानी में पात्र स्कूल रीयूनियन के लिए एक साथ आते हैं, जहां दोस्ती के साथ रोमांस की भी उम्मीद होती है। गाने में जवानी, दोस्ती और रोमांस का सुंदर मिश्रण है, जिसे रोचक के संगीत ने जीवंत किया है।”
फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के निर्माताओं ने हाल ही में इस गाने को रिलीज किया है। इसमें स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा नजर आ रहे हैं, जो सभी इस फिल्म के जरिए अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। गाना टी-सीरीज म्यूजिक पर उपलब्ध है।
लव फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है, जबकि इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)