क्या है 'हैवान' फिल्म का राज़? अक्षय और सैफ की जोड़ी फिर से धमाल मचाने को तैयार!
फिल्म 'हैवान' का टीजर हुआ रिलीज
मुंबई, 12 अगस्त। अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान की नई फिल्म 'हैवान' का टीजर बुधवार को जारी किया गया। इस टीजर में दोनों सितारों की झलक देखने को मिलती है।
अक्षय कुमार ने अपने इंस्टाग्राम पर टीजर साझा करते हुए लिखा, "वो खतरे को सुनता है, मैं ही खतरा हूं, अब जीत किसकी होगी? हीरो की या हैवान की।"
टीजर में अजीब साये और धुंधली परछाइयां दिखाई दे रही हैं, जो एक डरावनी और बेचैन करने वाली स्थिति का निर्माण कर रही हैं। यह स्पष्ट है कि फिल्म की कहानी रोमांच और खतरों से भरी होगी। टीजर में दिखने वाली तस्वीरों से ऐसा लगता है कि सैफ अली खान एक नेत्रहीन व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं।
प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रहस्य, खतरे और रोमांच की एक खतरनाक दुनिया को दर्शाया जाएगा। 'हैवान' एक थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स द्वारा किया जा रहा है। वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
अक्षय और सैफ की जोड़ी 18 साल बाद एक साथ नजर आएगी, जिससे प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है। इसके अलावा, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इससे पहले, दोनों अभिनेता फिल्म 'टशन' में साथ नजर आए थे, जो यशराज फिल्म्स के बैनर तले रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई थी।
.png)