Movie prime

क्या है 'सरके चुनर तेरी सरके' गाने पर एनसीडब्ल्यू की शिकायत का सच?

फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को एक गंभीर शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता ने इसे अश्लील और महिलाओं की गरिमा के लिए अपमानजनक बताया है। इस गाने के बोलों को लेकर चिंता जताई गई है कि यह युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। एनसीडब्ल्यू से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। जानें इस मामले में और क्या कुछ है खास।
 
क्या है 'सरके चुनर तेरी सरके' गाने पर एनसीडब्ल्यू की शिकायत का सच?

एनसीडब्ल्यू को मिली शिकायत




नई दिल्ली, 17 मार्च। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को एक गंभीर शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने इस गाने को बेहद अश्लील और महिलाओं की गरिमा के लिए अपमानजनक बताया है।


फिल्म में नोरा फतेही और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं, और यह गाना हिंदी और कन्नड़ दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।


शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल शिष्टता की सभी सीमाओं को पार करते हैं और महिलाओं को केवल वस्तु के रूप में प्रस्तुत करते हैं। यह सामग्री मनोरंजन के नाम पर समाज में महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को बढ़ावा दे रही है।


शिकायतकर्ता ने चिंता व्यक्त की है कि ऐसे गाने युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं, जिससे महिलाओं के प्रति वस्तुकरण की मानसिकता सामान्य हो रही है। यह हमारे सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के पतन का स्पष्ट संकेत है। शिकायतकर्ता ने एनसीडब्ल्यू से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह केवल एक गाने का मुद्दा नहीं है, बल्कि महिलाओं की गरिमा, समाज के नैतिक वातावरण और युवा पीढ़ी की सुरक्षा का सवाल है। ऐसी सामग्री को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।


शिकायतकर्ता ने उम्मीद जताई है कि एनसीडब्ल्यू इस मामले में तेजी से हस्तक्षेप करेगा और एक मजबूत मिसाल कायम करेगा, ताकि भविष्य में फिल्म उद्योग में महिलाओं के सम्मान को लेकर अधिक संवेदनशीलता बरती जाए।


यह शिकायत उस समय आई है जब पहले ही फिल्म 'केडी: द डेविल' के एक अन्य गाने पर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया था। दोनों मामलों में अश्लीलता और बच्चों-युवाओं पर प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। एनसीडब्ल्यू से अपेक्षा की गई है कि वह इस शिकायत पर त्वरित जांच शुरू कर कार्रवाई रिपोर्ट तैयार करे और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करे।


OTT