क्या है 'लिटिल थॉमस' फिल्म की कहानी? रसिका दुग्गल और गुलशन देवैया की नई फिल्म का ट्रेलर हुआ रिलीज!
फिल्म 'लिटिल थॉमस' का ट्रेलर लॉन्च
मुंबई, 02 अक्टूबर (वेब वार्ता)। रसिका दुग्गल और गुलशन देवैया की नई फिल्म 'लिटिल थॉमस' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। यह फिल्म 1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक दिलचस्प, मजेदार और यादगार कहानी प्रस्तुत करती है।
यह पारिवारिक और हास्य से भरपूर ड्रामा फिल्म एक सात साल के बच्चे थॉमस (हृदांश पारेख) की मासूम ख्वाहिश को दर्शाती है, जो एक छोटे भाई की चाह रखता है। इस प्रक्रिया में, वह अपने माता-पिता (रसिका दुग्गल और गुलशन देवैया) को करीब लाने के लिए अजीबोगरीब और मजेदार हरकतें करता है, जिससे घर में हास्यप्रद स्थितियां उत्पन्न होती हैं।
फिल्म का निर्देशन कौशल ओझा ने किया है और इसे अनुराग कश्यप ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का पहला गाना 'दो गुना जिंदगी' पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता गुलशन देवैया ने साझा किया कि उन्हें बच्चों के साथ काम करना कभी-कभी चुनौतीपूर्ण लगता है।
उन्होंने कहा, “बच्चों के साथ काम करना कई बार कठिन हो जाता है, क्योंकि उनका माहौल बहुत शोर-शराबे वाला होता है। बच्चे धूल-मिट्टी में रहते हैं और कई बार उन्हें प्रोफेशनलिज्म का मतलब समझ नहीं आता, इसलिए यह काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मैंने छोटे बच्चों के साथ भी काम किया है। उनके मिजाज के अनुसार हमें एडजस्ट करना पड़ता है। कई बार आप पूरी तरह तैयार होते हैं, शॉट रेडी होता है और आप जल्दी से काम खत्म करना चाहते हैं, लेकिन उनके लिए इंतजार करना पड़ता है।”
अभिनेता ने बाल कलाकार हृदांश पारेख की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ कोई परेशानी नहीं हुई, क्योंकि वह बहुत प्यारे हैं। सबसे पहले जो चीज आपका ध्यान खींचती है, वह हैं उनके खूबसूरत घुंघराले बाल और उनका लुक।
.png)