क्या है 'लस्ट स्टोरीज 3' का जादू? जानें इस एंथोलॉजी फिल्म के ट्रेलर की खास बातें!
नेटफ्लिक्स की नई एंथोलॉजी फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 3'
मुंबई, 9 सितंबर। नेटफ्लिक्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एंथोलॉजी फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 3' का ट्रेलर जारी कर दिया है। यह सीरीज आधुनिक रिश्तों, प्यार, अंतरंगता और मानवीय इच्छाओं के विभिन्न पहलुओं को चार अलग-अलग लघु कथाओं के माध्यम से दर्शाती है।
इस फिल्म में विशाल भारद्वाज, शकुन बत्रा, विक्रमादित्य मोटवानी और किरण राव जैसे प्रमुख फिल्ममेकर्स ने प्यार, इच्छाओं और जटिल कहानियों पर चर्चा की है।
ट्रेलर में दर्शकों को प्यार, चाहत, नोकझोंक और उलझे हुए रिश्तों के विभिन्न रंग देखने को मिलते हैं। चारों निर्देशक अपने-अपने तरीके से मानवीय भावनाओं और आधुनिक रिश्तों की गहराइयों को उजागर करते हैं।
इस ट्रेलर में चार अलग-अलग कहानियां प्रस्तुत की गई हैं, जो अपनी अनूठी शैली, गति और सरप्राइज के साथ आती हैं। हालांकि, सभी कहानियां एक महत्वपूर्ण प्रश्न से जुड़ी हैं - लोग वास्तव में क्या चाहते हैं, क्या छिपाते हैं, और ये इच्छाएं उनके रिश्तों को कैसे प्रभावित करती हैं। फिल्म में हास्य, केमिस्ट्री के साथ-साथ भावनात्मक और विचारशील क्षण भी शामिल होंगे।
इसमें राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सना थम्पी, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकारों का समावेश है। यह फिल्म 18 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कहा, "इच्छा की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह हमारी कल्पना से गहराई से जुड़ी होती है। यह उन कहानियों की तरह है जो हम अपने आप से कहते हैं, और कभी-कभी उन कहानियों की भी, जिन्हें हम खुलकर नहीं कह पाते। मुझे इस बात ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया कि कैसे एक किरदार अपनी आवाज खोजता है। जब उसकी आवाज उसके दायरे से बाहर निकलती है, तब क्या होता है- इसी सफर को फिल्म में दर्शाने का प्रयास किया गया है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस सफर में हंसी, शरारत और भावनाएं हैं, लेकिन साथ ही पहचान, अभिव्यक्ति और इच्छाओं की कहानियां कौन सुनाएगा, इससे जुड़े सवाल भी हैं। इसी वजह से मेरे लिए इस कहानी को बताना बहुत रोमांचक रहा।"
भारद्वाज ने कहा कि तीन अलग-अलग सोच वाले फिल्ममेकर्स के साथ एंथोलॉजी का हिस्सा बनना एक अद्भुत अनुभव रहा और नेटफ्लिक्स ने हमें अपनी-अपनी तरह से ये कहानियां कहने की पूरी स्वतंत्रता दी।
.png)