Movie prime

क्या है 'रामायण' के नए गीत 'मंगल रंग' में? जानें एआर रहमान और अरिजीत सिंह की खास बातें!

फिल्म 'रामायण' का नया गीत 'मंगल रंग' हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसमें भगवान राम और माता सीता के प्रेम को संगीत के माध्यम से दर्शाया गया है। एआर रहमान द्वारा कंपोज किए गए इस गीत में अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज है। गाने के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। इस गीत के विभिन्न भाषाओं में वर्जन भी हैं, जिसमें कई मशहूर गायक शामिल हैं। जानें इस गीत के पीछे की कहानी और कलाकारों के अनुभव।
 

फिल्म 'रामायण' का नया गीत 'मंगल रंग' रिलीज

मुंबई, 25 अक्टूबर। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के प्रति दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। हाल ही में इस फिल्म का नया गीत 'मंगल रंग' लॉन्च किया गया है, जिसमें भगवान राम और माता सीता के प्रेम और समर्पण को संगीत के माध्यम से दर्शाया गया है। इस गीत का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी मधुर आवाज से सजाया है।


एआर रहमान ने इस गाने को कंपोज करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा, ''रामायण' एक ऐसी कहानी है, जो सदियों से लोगों के दिलों में बसी हुई है। इस कहानी को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करना मेरे लिए एक विशेष अनुभव रहा। भगवान राम और माता सीता के रिश्ते में एक अद्भुत पवित्रता और कोमलता है, जिसे मैं संगीत में उतारना चाहता था। मुझे उम्मीद है कि 'मंगल रंग' सुनने वालों के दिलों में प्रेम और भक्ति का भाव जगाएगा। कुछ कहानियों को शब्दों में समझाने की आवश्यकता नहीं होती, उन्हें केवल महसूस किया जाता है।''


गाने में अपनी आवाज देने और 'रामायण' का हिस्सा बनने के बारे में अरिजीत सिंह ने कहा, ''रामायण' केवल एक कहानी या महाकाव्य नहीं है, बल्कि यह जीवन, हमारी अंतरात्मा और हमारे चारों ओर के रिश्तों को समझने का एक दृष्टिकोण है, जो हमेशा प्रासंगिक रहेगा। एआर रहमान सर की कंपोज की गई 'मंगल रंग' की धुन मुझे एक ऐसी दुनिया में ले गई, जहां प्रेम अपने सबसे पवित्र रूप में खिलता है।''


अरिजीत ने आगे कहा, ''भगवान राम और माता सीता के रिश्ते की सच्चाई और कोमलता मुझे बार-बार उस प्रेम की याद दिलाती रही, जो भिन्न पहचान होने के बावजूद सभी को जोड़ता है। मेरे लिए इस गाने का हिस्सा बनना एक गहरा और बदल देने वाला अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि यह गाना सुनने वालों तक भी प्रेम, आभार और भक्ति का वही भाव पहुंचाएगा, जिसे मैंने इसे गाते हुए महसूस किया।''


श्रेया घोषाल ने भगवान राम और माता सीता की प्रेम कहानी से जुड़ने के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, ''उनके रिश्ते की खूबसूरती केवल साथ रहने की खुशी में नहीं है। उनके बीच विश्वास, समझ और एक शांत ताकत है, जो इस रिश्ते को खास बनाती है। 'मंगल रंग' गाते समय मैंने इस रिश्ते की कोमलता को महसूस करने की कोशिश की और इसे पूरे दिल से गाया। मेरे लिए ऐसी कहानी का हिस्सा बनना गर्व और आभार की बात है, जो इतने सारे लोगों के लिए मायने रखती है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना सुनने वालों को सुकून और अपनापन महसूस कराएगा और वे राम-सीता के रिश्ते की खूबसूरती को अपने तरीके से समझ पाएंगे।''


'मंगल रंग' के विभिन्न भाषाओं में वर्जन में कई प्रसिद्ध गायक शामिल हुए हैं। हिंदी वर्जन को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है, जबकि तमिल में अभय जोधपुरकर और सैंधवी की आवाज सुनाई देगी। तेलुगु वर्जन को राघव कौशिक और वैशाली सामंत ने गाया है। कन्नड़ वर्जन में अरमान मलिक और बेला शेंडे की आवाज है, जबकि मलयालम वर्जन को नरेश अय्यर और अमृता राजन ने गाया है।


गाने के हिंदी बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। तमिल वर्जन के लिरिक्स कार्तिक नेथा, कन्नड़ के कार्तिक सरगुर और मलयालम वर्जन के बोल विनायक शशिकुमार ने लिखे हैं। फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी एआर रहमान ने संभाली है।


नमित मल्होत्रा की इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगे। गाना हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित पांच भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है।


फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।


'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं, फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है।


OTT