क्या है मराठी फिल्म 'गोंधल' की खासियत जो बनी ऑस्कर 2027 की भारत की आधिकारिक एंट्री?
फिल्म 'गोंधल' को मिला ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व
मुंबई, 19 सितंबर। मराठी सिनेमा की फिल्म 'गोंधल' को 99वें अकादमी पुरस्कार, यानी ऑस्कर 2027 के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। इस खुशी के मौके पर फिल्म के निर्देशक सुभाष घई ने अपनी पूरी टीम को बधाई दी।
सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए टीम की सराहना की और बताया कि फिल्म की मुख्य अभिनेत्री इशिता देशमुख ने उनके अभिनय संस्थान, व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में अभिनय की कला सीखी थी।
उन्होंने इशिता पर गर्व जताते हुए लिखा, "आज व्हिसलिंग वुड्स को अपनी एक छात्रा इशिता देशमुख पर गर्व है। इशिता इस संस्थान की पूर्व छात्रा हैं और उनकी फिल्म 'गोंधल' को इस साल ऑस्कर अवार्ड के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है।"
सुभाष घई ने फिल्म के निर्देशक संतोष दावखर और पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने सभी से फिल्म देखने की अपील की और लिखा, "मैं फिल्म 'गोंधल' के शानदार निर्देशक और लेखक संतोष दावखर और लीड एक्ट्रेस इशिता देशमुख को उनकी बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए दिल से बधाई देता हूं, ये फिल्म हम सभी को जरूर देखनी चाहिए।"
इशिता देशमुख के पिछले कामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "इशिता ने पिछले साल दूरदर्शन के टीवी सीरियल 'जानकी' में 208 एपिसोड तक लीड रोल निभाया था, जिसे मुक्ता आर्ट्स फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था। इस साल की शुरुआत में इशिता ने फिल्मफेयर अवार्ड में बेस्ट डेब्यू का खिताब भी जीता था। हम पूरी टीम 'गोंधल' और इशिता को ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।"
फिल्म 'गोंधल' का निर्देशन और लेखन संतोष डावखर ने किया है। इसमें इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम, सुरेश विश्वकर्मा और निषाद भोईर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है और रातभर चलने वाले पारंपरिक 'गोंधल' अनुष्ठान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धोखे, रिश्तों के तनाव और हत्या की साजिश जैसे रहस्यों को उजागर करती है।
.png)