Movie prime

क्या है 'बिजली का लट्टू' की सच्चाई? जानें संजय पाण्डेय की फिल्म की प्रेरणा!

संजय पाण्डेय की फिल्म 'बिजली का लट्टू' एक सच्ची घटना से प्रेरित है, जिसमें एक युवक को अपनी बहन के अपहरण के मामले में गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया था। फिल्म ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का दिल जीत लिया है और वर्तमान में ट्रेंडिंग में है। जानें इस फिल्म की कहानी, इसके पीछे की प्रेरणा और दर्शकों का रिस्पॉन्स।
 

सच्ची घटना से प्रेरित 'बिजली का लट्टू'




मुंबई, 4 अक्टूबर। फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं होतीं, बल्कि कई बार ये वास्तविक घटनाओं को भी उजागर करती हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देती हैं। अभिनेता संजय पाण्डेय की हिंदी फिल्म 'बिजली का लट्टू' भी एक ऐसी ही घटना से प्रेरित है। यह फिल्म वर्तमान में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बना रही है।


फिल्म की कहानी के बारे में संजय पाण्डेय ने बताया, ''बिहार में एक युवक को अपनी बहन के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह लगभग 16 दिनों तक जेल में रहा। रक्षाबंधन के दिन, उसकी बहन जेल पहुंची और भाई को राखी बांधी, जिसके बाद प्रशासन को अपनी गलती का एहसास हुआ। इसी घटना को फिल्म की कहानी का आधार बनाया गया है।''


उन्होंने आगे कहा, ''यह घटना यह दर्शाती है कि गलतफहमी और जानकारी की कमी के कारण निर्दोष व्यक्ति को कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हमारी फिल्म का संदेश है कि किसी पर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पूरी जांच होनी चाहिए। हम इस पहलू को मनोरंजन के साथ पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।''


संजय ने फिल्म की शूटिंग के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ''फिल्म के लिए मध्य प्रदेश की लोकेशन का चयन किया गया क्योंकि वहां का ग्रामीण परिवेश कहानी के अनुरूप था। हमने बड़े सेट नहीं बनाए, बल्कि असली जगहों पर जाकर शूटिंग की, ताकि कहानी का माहौल वास्तविक लगे। फिल्म में जिस स्कूल को पुलिस स्टेशन के रूप में दिखाया गया है, वह भी असली है।''


उन्होंने कहा, ''टीम पहली बार भोपाल गई थी और वहां विभिन्न वास्तविक स्थानों पर शूटिंग की गई। मध्य प्रदेश का वातावरण फिल्म की कहानी के साथ मेल खाता था, इसलिए इसे चुना गया। वास्तविक लोकेशन का उपयोग करने से फिल्म के दृश्यों में एक अलग सहजता आई है।''


इस बीच, 'बिजली का लट्टू' को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने फील गुड पिक्स में नंबर-1 और ट्रेंडिंग में नंबर-2 स्थान हासिल किया है।


फिल्म की सफलता पर संजय पाण्डेय ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, 'बिजली का लट्टू' को दर्शकों का जो प्यार मिल रहा है, उससे मैं बहुत खुश हूं। फिल्म का फील गुड पिक्स में नंबर-1 और ट्रेंडिंग में नंबर-2 पर पहुंचना हमारी पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। यह फिल्म ईमानदारी और मेहनत से बनाई गई है, और दर्शकों का प्यार हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है।''


फिल्म के निर्देशक धीरू यादव ने कहा, '''बिजली का लट्टू' को दर्शकों से मिल रहा प्यार हमारी टीम की मेहनत का परिणाम है। वेब ओटीटी पर फिल्म का फील गुड पिक्स में पहले और ट्रेंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचना हमारे लिए गर्व की बात है।''


OTT