Movie prime

क्या है 'पेड पालकी' विवाद? निर्देशक और लीड एक्ट्रेस ने सतेंद्र सोनी के आरोपों को किया खारिज!

फिल्म 'पेड पालकी' के अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म की टीम पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिनका खंडन निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह और लीड एक्ट्रेस प्रगति चौहान ने किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास सभी आरोपों का सबूत है और वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। जानें इस विवाद की पूरी कहानी और क्या है सतेंद्र के आरोपों का सच।
 

पेड पालकी विवाद का नया मोड़




मुंबई, 30 जून। फिल्म 'पेड पालकी' के अभिनेता सतेंद्र सोनी और फिल्म की टीम के बीच चल रहा विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। पहले सतेंद्र ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर फिल्म के निर्माता-निर्देशक पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें मेहनताना न देने, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी शामिल थे। अब फिल्म के निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह और मुख्य अभिनेत्री प्रगति चौहान ने इन आरोपों का खंडन किया है।


उन्होंने मीडिया से बातचीत में सतेंद्र के सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार नहीं हुआ। उनका दावा है कि उनके पास इस मामले में सबूत और दस्तावेज हैं और वे कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं।


निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने कहा, "सतेंद्र सोनी के सभी आरोप निराधार हैं। फिल्म की टीम ने उन्हें वही सम्मान और सुविधाएं दीं, जो किसी भी कलाकार को दी जाती हैं। तय समझौते के अनुसार, उन्हें पहले कुल भुगतान का 15 प्रतिशत एडवांस दिया गया था। उनके हिस्से में 45 हजार रुपए बनते थे, लेकिन हमने उन्हें 50 हजार रुपए दिए। बाकी रकम समय पर दी जानी थी।"


पुष्पेंद्र ने आगे बताया, "शूटिंग के चौथे और पांचवें दिन से सतेंद्र ने पूरी पेमेंट की मांग शुरू कर दी। मैंने उन्हें समझाया कि अगली पेमेंट की तारीख अभी नहीं आई है। एक दिन समझाने के बाद उन्होंने शूटिंग की, लेकिन अगले दिन फिर वही स्थिति बन गई। जब उन्होंने शूटिंग पर आने से इनकार किया, तो मैंने भी उन्हें जाने के लिए कह दिया।"


निर्देशक ने कहा, "मैंने मामले को सुलझाने के लिए अलग से पैसे की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन सतेंद्र ने अपना फोन बंद कर दिया और होटल से चेकआउट कर चले गए। उस समय फिल्म की शूटिंग चल रही थी और मुझे इस प्रोजेक्ट के लिए ब्याज पर पैसा भी लिया हुआ था। ऐसे में कलाकार के अचानक चले जाने से पूरी यूनिट को आर्थिक नुकसान हुआ।"


पुष्पेंद्र ने कहा, "विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। अगर सतेंद्र के साथ वास्तव में मारपीट हुई होती, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती। समझौते के बाद भी सतेंद्र शूटिंग पूरी किए बिना चले गए और बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दिया।"


फिल्म की लीड एक्ट्रेस प्रगति चौहान ने भी सतेंद्र के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा, "मैंने भी इस प्रोजेक्ट में अपना पैसा लगाया है। मैं इस मामले की गवाह हूं। सतेंद्र और अन्य कलाकारों के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई। शूटिंग के दौरान कुछ कलाकारों का रवैया अचानक बदल गया था।"


प्रगति ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अभिनेता श्रीधर दुबे ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उस समय मौजूद ड्राइवर ने पुलिस के सामने बयान दिया था कि कलाकारों के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद सभी पक्षों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद भी कलाकार शूटिंग छोड़कर चले गए।


इससे पहले, सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि उन्हें फिल्म 'पेड पालकी' का पूरा मेहनताना नहीं दिया गया। उन्होंने कहा था कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने मध्य प्रदेश सरकार से मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।


OTT