क्या है 'जॉन डो' में अर्जुन दास का नया किरदार? जानें सृष्टि के रोल के बारे में!
डायरेक्टर मधुमिता की नई फिल्म 'जॉन डो'
मुंबई, 25 अक्टूबर। दर्शकों के बीच डायरेक्टर मधुमिता की आगामी साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'जॉन डो' को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। इस फिल्म में अर्जुन दास मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में, निर्माताओं ने एक्ट्रेस सृष्टि के किरदार का खुलासा किया है, जिसमें वह दर्शना का रोल निभाएंगी। प्रोडक्शन हाउस अर्का मीडिया वर्क्स ने सोशल मीडिया पर इस किरदार की जानकारी साझा की।
निर्माताओं ने अपने पोस्ट में लिखा, ''दर्शना ने अपने जीवन में बहुत कुछ खोया है, लेकिन फिर भी वह अपने परिवार के लिए मजबूत बनी रहती है। जब घर में सन्नाटा छा जाता है, तो वह खुद से सवाल करती है कि क्या वह अपने लिए पर्याप्त हैं? आइए मिलते हैं 'जॉन डो' की दुनिया की दर्शना से।''
फिल्म में अर्जुन दास चंद्रू नाम के किरदार में दिखाई देंगे। उन्होंने हाल ही में फिल्म का पहला लुक पोस्टर साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, 'नान पोदुमा? (क्या मैं काफी हूं?)' यह सवाल चंद्रू को परेशान करता है। अर्जुन ने बताया कि यह सवाल शायद हम सभी ने कभी न कभी खुद से पूछा होगा। चंद्रू के किरदार की खोज के दौरान उन्हें भी इस किरदार की कुछ झलक देखने को मिली।
फिल्म में संचना नटराजन फीमेल लीड के रूप में हैं, जबकि जारा विनीट चंदोके और नीरव भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'जॉन डो' के प्रति दर्शकों की रुचि का एक बड़ा कारण यह भी है कि अर्जुन दास पहली बार अपने करियर में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाते नजर आएंगे।
यह फिल्म अर्का मीडिया वर्क्स द्वारा प्रोड्यूस की जा रही है, जो पहले 'बाहुबली' जैसी पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर का निर्माण कर चुका है। शोबू यार्लागड्डा और प्रसाद देवीनेनी इस फिल्म के निर्माता हैं, जबकि किशोर केदारी और मधुमिता को-प्रोड्यूसर हैं। सौम्या शर्मा क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का संगीत मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर मुजीब मजीद ने तैयार किया है।
फिल्म के एक्शन सीक्वेंस को दिनेश सुब्बारायन और एक्शन संतोष ने कोरियोग्राफ किया है। प्रिया करण और प्रिया हरी ने कॉस्ट्यूम डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि अश्विनी काले ने प्रोडक्शन डिजाइन का कार्य किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'जॉन डो' का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और मेकर्स इस साल नवंबर में इसे रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
.png)