Movie prime

क्या है 'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी? जानें मिहिर आहूजा के अनुभव

नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना के ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है। युवा अभिनेता मिहिर आहूजा ने इस शो में एक एयरफोर्स पायलट का किरदार निभाया है और इसे अपने करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के दौरान वायु सेना के अनुशासन और समर्पण को करीब से देखा है। जानें इस सीरीज की कहानी और मिहिर के अनुभव के बारे में।
 
क्या है 'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी? जानें मिहिर आहूजा के अनुभव

नेटफ्लिक्स की नई सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर'




मुंबई, 27 मई। नेटफ्लिक्स पर आने वाली सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' इन दिनों काफी चर्चा में है। यह शो 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना द्वारा किए गए एक ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है। इस सीरीज में सैनिकों की बहादुरी, संघर्ष, बलिदान और देश के प्रति उनके जज्बे को दर्शाया जाएगा। युवा अभिनेता मिहिर आहूजा इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं।


मिहिर, जिन्होंने 'द आर्चीज', 'मेड इन हेवन सीज़न 2' और 'मां का सम' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है, ने इसे अपने करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय वायु सेना के असली नायकों को श्रद्धांजलि है।


अपने अनुभव साझा करते हुए मिहिर ने कहा, ''एक युवा एयरफोर्स पायलट का किरदार निभाना मेरे लिए गर्व की बात है। इस किरदार को निभाते समय मैंने महसूस किया कि भारतीय वायुसेना के जवान किस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा करते हैं। इस भूमिका के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी हुई है और मैंने इसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की है।''


उन्होंने आगे कहा, ''इस प्रोजेक्ट ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। शूटिंग के दौरान मैंने एयरफोर्स के अनुशासन, समर्पण और मेहनत को करीब से देखा। यह अनुभव मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। 'ऑपरेशन सफेद सागर' मेरे दिल के बेहद करीब रहेगा।''


सीरीज की कहानी भारतीय वायु सेना के उस ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है, जिसे कारगिल युद्ध के दौरान अंजाम दिया गया था। यह मिशन लगभग 47 दिनों तक चला और इसे भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में से एक माना जाता है। शो में युद्ध के दौरान की कठिनाइयों, सैनिकों के हौसले और देशभक्ति की भावना को बड़े पैमाने पर दिखाया जाएगा।


इस सीरीज में मिहिर आहूजा के साथ सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन और तारुक रैना जैसे कलाकार भी शामिल हैं। इसे अभिजीत सिंह परमार, महबूब पीएस बराड़ और कुशाल श्रीवास्तव ने मिलकर तैयार किया है, जबकि इसका निर्देशन ओनी सेन ने किया है।


OTT