क्या है 'इंस्पेक्टर अविनाश' की कहानी? शालीन भनोट ने साझा किए अपने अनुभव
शालीन भनोट की नई वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश'
मुंबई, 14 मई। अभिनेता शालीन भनोट इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' के कारण सुर्खियों में हैं। यह सीरीज 1980 और 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें अपराध, गैंगवार और पुलिस की चुनौतियों को दर्शाया गया है। शालीन ने इस विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उस समय की कानून व्यवस्था की स्थिति आज की तुलना में काफी बेहतर हो गई है, जिससे लोग अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं।
शालीन ने कहा, ''अगर कोई उस समय के अपराधों पर ध्यान दे, तो वह समझ सकता है कि पुलिस को कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उस दौर में अपराध अधिक खुले तौर पर होते थे और अपराधियों में कानून का डर कम था। आज कई शहरों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हो गई है।''
महिलाओं की सुरक्षा पर बात करते हुए, उन्होंने कहा कि अब महिलाएं अधिक आत्मविश्वास के साथ बाहर निकलती हैं। समाज में बदलाव आया है और कई स्थानों पर अपराध की घटनाओं में कमी आई है।
शालीन ने अपनी सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' के बारे में बताया, ''यह केवल एक मनोरंजक कहानी नहीं है, बल्कि यह उस समय की पुलिसिंग की वास्तविकता को भी उजागर करती है। दर्शकों को यह समझना चाहिए कि उस समय पुलिस का काम कितना कठिन था।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह सीरीज दर्शकों को उस समय की असली तस्वीर दिखाने का प्रयास करती है। आज जो सुरक्षित माहौल है, उसके पीछे पुलिस और सुरक्षा बलों की वर्षों की मेहनत है। उस समय पुलिस अधिकारियों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ता था।''
शालीन भनोट इस सीरीज में बलजीत नामक पंजाबी सिख का किरदार निभाते नजर आएंगे।
.png)