क्या है अमोल पराशर का अनोखा लाइव शो 'बेशर्म आदमी'? लंदन में मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया!
अमोल पराशर का लाइव शो 'बेशर्म आदमी'
मुंबई, 19 अप्रैल। मनोरंजन की दुनिया में लाइव शो, स्टैंड-अप कॉमेडी, और टॉक शो जैसे फॉर्मेट तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। कलाकार अब दर्शकों से सीधे जुड़ने के लिए नए तरीकों को अपनाने लगे हैं। इसी दिशा में, अभिनेता अमोल पराशर ने अपने अनोखे लाइव शो 'बेशर्म आदमी' के माध्यम से न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है।
हाल ही में, अमोल अपने इस शो के लिए लंदन गए, जहां उन्हें दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।
इस अनुभव के बारे में बात करते हुए अमोल ने कहा, ''पिछले एक साल में 'बेशर्म आदमी' मेरे लिए केवल एक शो नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत यात्रा बन गई है। हमने पूरे देश में लगभग 26 शो किए हैं। लंबे समय से मेरा सपना था कि मैं अकेले मंच पर एक ऐसा शो करूं, जिसमें मैं अपने तरीके से दर्शकों से संवाद कर सकूं। जब भारत में इस शो को लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिला, तब मुझे लगा कि अब इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का सही समय आ गया है।''
लंदन में अपने अनुभव को साझा करते हुए अमोल ने कहा, ''यह मेरे लिए बेहद खास रहा। मेरा मानना है कि लंदन जैसे शहर में थिएटर की संस्कृति बहुत मजबूत है, जहां लोग लाइव परफॉर्मेंस को दिल से पसंद करते हैं। यहां मेरा हौसला बढ़ा है। हिंदी बोलने वाले दर्शकों का इस शो से गहरा जुड़ाव है। मुझे उम्मीद से ज्यादा शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिससे मुझे इस शो को दुनिया के अन्य शहरों में ले जाने की प्रेरणा मिली।''
'बेशर्म आदमी' एक टॉक शो है, जिसमें अमोल पराशर अपने खास अंदाज में मेहमानों से बातचीत करते हैं। शो के नाम से ही स्पष्ट है कि इसमें बिना किसी झिझक के बात की जाती है और हल्के-फुल्के मजाक के साथ कई दिलचस्प बातें सामने आती हैं।
.png)