Movie prime

क्या आप तैयार हैं? ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ के नए सीजन में रावण की आवाज में शरद केलकर का जादू!

शरद केलकर एक बार फिर ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ के नए सीजन में रावण की आवाज में नजर आएंगे। इस सीजन में हनुमान की यात्रा एक नए मोड़ पर पहुंचेगी, जिसमें दर्शकों को उनकी दिव्यता और शक्तियों के नए पहलू देखने को मिलेंगे। 23 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाले इस सीजन में एक्शन और इमोशन का अद्भुत मिश्रण होगा। जानें इस सीजन में और क्या खास होने वाला है!
 

शरद केलकर की आवाज में रावण का नया अवतार


मुंबई, 13 अक्टूबर (वेब वार्ता)। अभिनेता शरद केलकर एक बार फिर एनिमेटेड श्रृंखला ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ के सातवें सीजन में रावण की आवाज में नजर आएंगे। उन्होंने इस परियोजना का हिस्सा बनने की खुशी व्यक्त की है।


शरद ने बताया कि भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं में इन पात्रों का विशेष महत्व है, जिन्हें पीढ़ियों से सराहा जाता रहा है। इस श्रृंखला का नया सीजन 23 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगा।


अपने किरदार और नए सीजन के बारे में शरद ने कहा, ”मैं ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। यह शो हमारी पौराणिक कथाओं की उन कहानियों को जीवंत करता है, जो हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही हैं। ऐसे किरदारों से जुड़ना विशेष है, जिन्हें कई पीढ़ियों ने पसंद किया है।”


उन्होंने आगे कहा, ”सीजन 7 में हनुमान की यात्रा एक नए मोड़ पर पहुंचेगी। दर्शकों को उनकी दिव्यता और अद्भुत शक्तियों के नए पहलू देखने को मिलेंगे, जो पहले कभी नहीं देखे गए। नए सीजन में एक्शन और भावनाओं का मिश्रण होगा, लेकिन हनुमान की शक्तियों का धीरे-धीरे प्रकट होना इसे और भी खास बनाएगा।”


मेकर्स ने सोमवार को सोशल मीडिया पर सीजन 7 का ट्रेलर जारी किया, जिसमें लिखा गया, ”मृत्यु बाण से बजरंगबली रावण की कहानी का अंत करेंगे।”


ट्रेलर में लंका की लड़ाई अपने सबसे कठिन दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। रावण पहले से अधिक शक्तिशाली हो चुका है, और वानर सेना की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगती हैं। इस स्थिति में हनुमान एक ऐसे अस्त्र की खोज में निकलते हैं, जो रावण को हमेशा के लिए पराजित करने में मदद कर सके।


हनुमान की यह खोज उन्हें युद्ध के मैदान से दूर और विभिन्न युगों में ले जाती है। इस यात्रा में उन्हें भगवान राम के अतीत से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें पता चलती हैं, जिन्हें भुला दिया गया था। उनकी यात्रा मृत्यु के लोक तक भी पहुंचती है, जहां हनुमान को एक ऐसे रहस्य का पता चलता है, जो उन्हें अपनी दिव्य शक्तियों को नए तरीके से समझने में मदद करता है।


श्रृंखला के निर्माता, लेखक और ग्राफिक इंडिया के सह-संस्थापक व सीईओ शरद देवराजन ने नए सीजन के बारे में अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ बनाना उनके जीवन के सबसे खास अनुभवों में से एक रहा है। जियोहॉटस्टार के साथ साझेदारी के कारण इस दुनिया को आगे बढ़ाने और कहानी की विभिन्न परतों को दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिला है।


ग्राफिक इंडिया के प्रोडक्शन में बनी ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का नया सीजन दशहरा वीक के दौरान 23 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।


OTT