क्या आप तैयार हैं? 'दृश्यम 3' का नया बीटीएस वीडियो आया सामने!
मलयालम फिल्म 'दृश्यम' की तीसरी कड़ी का इंतजार
चेन्नई, 14 मई। सस्पेंस और थ्रिलर के शौकीनों के बीच मलयालम फिल्म 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी ने एक खास स्थान बना लिया है। इसके पहले दो भागों को दर्शकों ने खूब सराहा है, और अब सभी तीसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें प्रमुख भूमिका में मलयालम के सुपरस्टार मोहनलाल नजर आएंगे।
जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज की तारीख नजदीक आ रही है, फैंस का उत्साह बढ़ता जा रहा है। इसी बीच, मोहनलाल ने एक्स पर एक बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) वीडियो साझा किया है, जिसमें फिल्म की शूटिंग के दौरान के कई दिलचस्प क्षणों को कैद किया गया है। इस वीडियो में मोहनलाल फिल्म की टीम के साथ हंसते-मुस्कुराते हुए बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में मोहनलाल को शूटिंग के लिए तैयार किया जा रहा है, जहां उन्हें विभिन्न लुक्स में देखा जा सकता है। निर्देशक जीतू जोसेफ भी टीम के सदस्यों को सीन फिल्माने के तरीके समझाते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा, निर्माता एंटनी पेरुम्बवूर भी टीम के साथ बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो ने फैंस की जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है। कई लोग कमेंट में फिल्म के लिए अपनी प्रतीक्षा व्यक्त कर रहे हैं, जबकि अन्य मोहनलाल की प्रशंसा कर रहे हैं।
'दृश्यम 3' को सेंसर बोर्ड से यू/ए 13 प्लस सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है। यह फिल्म 21 मई को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इससे पहले, फिल्म का टीजर भी जारी किया गया था, जिसने दर्शकों के बीच काफी चर्चा बटोरी।
टीजर की शुरुआत पहले दो भागों के रीकैप से होती है। पहले भाग की कहानी जॉर्ज कुट्टी यानी मोहनलाल के दृष्टिकोण से दिखाई जाती है, जहां वह खुद को एक साधारण इंसान बताते हैं, जिसकी दुनिया केवल उसकी पत्नी और बच्चों तक सीमित है। लेकिन एक व्यक्ति उनके परिवार को खत्म करने की कोशिश करता है, जिससे वह अपने परिवार की रक्षा के लिए बड़ा कदम उठाते हैं।
दूसरे भाग की कहानी पुलिस अधिकारियों के नजरिए से दिखाई जाती है। एक पुलिस अधिकारी की आवाज में कहा जाता है कि यह मामला कभी खत्म नहीं हुआ। वह यह भी बताता है कि जॉर्ज कुट्टी उन पर नजर रखे हुए था।
टीजर में जॉर्ज कुट्टी चर्च में प्रार्थना करते हुए दिखाई देते हैं। वह भगवान से कहते हैं, 'मेरी लड़ाई तो जन्म के साथ ही शुरू हो गई थी। मेरा कोई अपना नहीं है। बहुत संघर्ष और मेहनत के बाद मैंने अपना परिवार बनाया था। लेकिन जब परिवार टूटने का खतरा सामने आया, तब मैंने बिना सोच-समझे कदम उठा लिया। इस दौरान मैंने कई लोगों को दुख पहुंचाया। अब मुझे डर लगने लगा है कि कहीं कोई फिर से मुझ पर नजर तो नहीं रख रहा।'
'दृश्यम 3' को पहले 2 अप्रैल को रिलीज किया जाना था, लेकिन खाड़ी देशों में तनावपूर्ण हालात के कारण इसकी रिलीज की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह फिल्म 21 मई 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
.png)