Movie prime

क्या आप जानते हैं 'लगान' की 25वीं वर्षगांठ पर राचेल शेली ने क्या साझा किया?

ब्रिटिश अभिनेत्री राचेल शेली ने अपनी फिल्म 'लगान' के 25 साल पूरे होने पर कई अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में फिल्म की मेकिंग और सेट पर बिताए गए समय की झलक देखने को मिलती है। शेली ने अपने इंस्टाग्राम पर इन यादों को साझा करते हुए लिखा कि यह उनके खास एल्बम से हैं। जानें इस फिल्म के बारे में और राचेल की यादों के बारे में।
 

राचेल शेली ने साझा कीं 'लगान' की अनदेखी तस्वीरें




मुंबई, 9 नवंबर। ब्रिटिश अभिनेत्री राचेल शेली, जिन्होंने आशुतोष गोवारिकर की प्रसिद्ध फिल्म 'लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया' में एलिजाबेथ रसेल का किरदार निभाया था, ने इस फिल्म के 25 साल पूरे होने पर अपनी यादें साझा की हैं।


उन्होंने इंस्टाग्राम पर शूटिंग के दौरान की कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में शेली, अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कास्ट के सदस्यों के साथ नजर आ रही हैं, सभी ने पीरियड कॉस्ट्यूम पहने हुए हैं। यह तस्वीर फिल्म के किसी दृश्य की शूटिंग के दौरान की प्रतीत होती है। एक अन्य ग्रुप तस्वीर में, शेली कास्ट और क्रू के साथ पोज देती नजर आ रही हैं, जिसमें सभी कलाकार ब्रिटिश किरदारों के रूप में दिख रहे हैं।


राचेल ने अपने व्यक्तिगत एल्बम से 6 तस्वीरें साझा की हैं, जो 2001 में बनी इस फिल्म की मेकिंग और सेट पर बिताए गए समय की झलक प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने लिखा, "मेरे खास एल्बम से आपके लिए कुछ खास तस्वीरें। फिल्म लगान को 25 साल पूरे हो गए।"


फिल्म में राचेल ने एलिजाबेथ रसेल का किरदार निभाया था, जो क्रूर ब्रिटिश अफसर कैप्टन एंड्रयू रसेल की बहन थी। कैप्टन का किरदार पॉल ब्लैकथॉर्न ने निभाया था।


एलिजाबेथ चम्पावत के ग्रामीणों पर लगाए गए अन्यायपूर्ण तीन गुना लगान से प्रभावित होती हैं और अपने भाई के खिलाफ जाकर चुपचाप ग्रामीणों को क्रिकेट खेलना सिखाती हैं ताकि वे मैच जीतकर टैक्स से मुक्ति पा सकें। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, एलिजाबेथ को भुवन (आमिर खान) से प्यार हो जाता है। जब उसे पता चलता है कि भुवन गौरी से प्यार करता है, जिसका किरदार ग्रेसी सिंह ने निभाया है, तो उसका दिल टूट जाता है।


आशुतोष गोवारिकर द्वारा लिखित और निर्देशित, और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले आमिर खान द्वारा निर्मित 'लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया' 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में आमिर खान, ग्रेसी सिंह, राचेल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, कुलभूषण खरबंदा, सुहासिनी मुलय, रघुबीर यादव, राजेश विवेक, यशपाल शर्मा, राज जुत्शी, अखिलेन्द्र मिश्रा और दयाशंकर पांडे जैसे कई कलाकार शामिल थे।


OTT