कौन हैं अनुप्रिया नागर? जानें युवा निर्माता की हनुमान अंश फिल्म की सफलता की कहानी!
अनुप्रिया नागर का आशीर्वाद लेने का सफर
नैनीताल, 14 सितंबर (वेब वार्ता)। चर्चित फिल्म 'हनुमान अंश' की 21 वर्षीय युवा निर्माता अनुप्रिया नागर ने रविवार को अपने परिवार और सहयोगियों के साथ श्री कैंची धाम जाकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी उनके साथ थे।
अनुप्रिया ने कैंची धाम और बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की। दर्शन के बाद, उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की और फिल्म की सफलता, विषयवस्तु और उद्देश्य के बारे में जानकारी साझा की।
इस दौरान, फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ-साथ बाबा नीब करौरी महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों पर चर्चा की गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनुप्रिया नागर, उनके परिवार और सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और अनुप्रिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है।
.png)