Movie prime

कैदियों के लिए '23' फिल्म की स्क्रीनिंग: क्या बदलेगा उनका नजरिया?

फिल्म '23' को जेलों में कैदियों को दिखाने की योजना बनाई गई है, जिसका उद्देश्य उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। तेलंगाना की जेल विभाग की महानिदेशक सौम्या मिश्रा ने इस पहल की जानकारी दी है। उन्होंने फिल्म की गंभीरता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की है, और इसे 'द शॉशैंक रिडेम्प्शन' के समान बताया है। जानें इस फिल्म की कहानी और इसके प्रभाव के बारे में।
 
कैदियों के लिए '23' फिल्म की स्क्रीनिंग: क्या बदलेगा उनका नजरिया?

फिल्म '23' का जेलों में प्रदर्शन




मुंबई, 31 मार्च। सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में बदलाव लाने का एक प्रभावशाली माध्यम भी है। ऐसी फिल्में जो लोगों की सोच और व्यवहार को बदलने की क्षमता रखती हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है। इसी सोच के तहत एक नई पहल शुरू की गई है, जिसमें एक चर्चित फिल्म को जेलों में बंद कैदियों को दिखाने की योजना बनाई गई है, ताकि उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।


यह फिल्म '23' है, जिसका निर्देशन राज राचकोंडा ने किया है। इस पहल की जानकारी तेलंगाना की जेल विभाग की महानिदेशक सौम्या मिश्रा ने एक सम्मान समारोह में साझा की। उन्होंने कहा, "यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के एक महत्वपूर्ण पहलू और अपराधियों के सुधार को जिम्मेदारी से दर्शाया गया है। इसे जिस गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है, वह प्रशंसा के योग्य है।"


सौम्या मिश्रा ने फिल्म देखने के बाद अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा, "फिल्म ने मुझ पर गहरा प्रभाव डाला और इसमें अपराधियों के बदलाव को प्रभावी तरीके से दिखाया गया है। पहले कभी भी जेल की जिंदगी को इतनी सच्चाई और गहराई से नहीं दिखाया गया था। इस फिल्म ने उस कमी को पूरा किया है और दर्शकों को एक नया दृष्टिकोण दिया है।"


उन्होंने इस फिल्म की तुलना प्रसिद्ध हॉलीवुड फिल्म 'द शॉशैंक रिडेम्पशन' से की, जिसे दुनिया की बेहतरीन फिल्मों में से एक माना जाता है। सौम्या मिश्रा ने कहा, "'23' भी उसी स्तर की एक गंभीर और प्रेरणादायक फिल्म है। अगर इस फिल्म को देखने के बाद कैदियों के विचारों में थोड़ा भी बदलाव आता है, तो यह अपने आप में एक बड़ी सफलता होगी। इसी उद्देश्य से हमने जेलों में इस फिल्म की स्क्रीनिंग कराने का निर्णय लिया है।"


फिल्म '23' की कहानी अपराध और सुधार के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे कुछ लोग गलत रास्ते पर चले जाते हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन और परिस्थितियों के माध्यम से उनके जीवन में बदलाव लाया जा सकता है। यह फिल्म पिछले साल रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों से भी शानदार सराहना मिली थी.


OTT