आरएसएस के 100 साल: फिल्म 'शतक' में दिखेगा ऐतिहासिक सफर
आरएसएस की शताब्दी पर आधारित फिल्म 'शतक'
मुंबई, 10 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने 100 साल पूरे कर लिए हैं। इस विशेष अवसर को मनाने के लिए एक फीचर फिल्म 'शतक' की आधिकारिक घोषणा की गई है। यह फिल्म आरएसएस के एक सदी के सफर को दर्शाएगी, जिसमें संघ की स्थापना से लेकर उसके योगदान और विकास की कहानी को पेश किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन आशीष मल्ल कर रहे हैं, जबकि वीर कपूर इसके निर्माता हैं और आशीष तिवारी सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। 'शतक' अदा 360 डिग्री एलएलपी द्वारा प्रस्तुत की जा रही है। मेकर्स ने बताया कि यह फिल्म इस वर्ष सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। फिल्म आरएसएस की विचारधारा, सामाजिक कार्यों और राष्ट्रीय योगदान को केंद्र में रखकर बनाई गई है। 'शतक' नई पीढ़ी के लिए आरएसएस के इतिहास को समझने का एक माध्यम बनेगी।
'शतक' में इस 100 साल की प्रमुख घटनाओं, संघर्षों और उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा। मेकर्स का मानना है कि यह फिल्म न केवल आरएसएस के सदस्यों के लिए, बल्कि आम दर्शकों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगी।
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने इंस्टाग्राम पर मोशन पोस्टर के साथ इस फिल्म की घोषणा की। उन्होंने कहा, "'शतक' की घोषणा हो गई है। यह फिल्म आरएसएस के 100 साल के सफर को पर्दे पर लाएगी। आरएसएस ने 100 साल पूरे कर लिए हैं, और यह उनके इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह फीचर फिल्म अब आधिकारिक रूप से घोषित हो चुकी है। वीर कपूर इसके निर्माता हैं और आशीष तिवारी सह-निर्माता हैं। आशीष मल्ल इसका निर्देशन कर रहे हैं। यह फिल्म इसी साल रिलीज होगी।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एक हिंदू राष्ट्रवादी संगठन है, जिसकी स्थापना 1925 में डॉ. केशवराव बलराम हेडगेवार ने नागपुर में की थी। इसका मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, राष्ट्रवाद को बढ़ावा देना और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज का उत्थान करना है। आरएसएस की शाखाएं पूरे भारत में सक्रिय हैं, जहां शारीरिक व्यायाम, अनुशासन और सांस्कृतिक शिक्षा दी जाती है। संगठन ने आपदा राहत, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
.png)