अनुपम खेर ने साझा किया समृद्धि महामार्ग पर यात्रा का अनुभव, जानें क्या कहा!
अनुपम खेर का समृद्धि महामार्ग पर सफर
मुंबई, 22 जून। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर अपनी यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने इस सफर को विशेष और यादगार बताया।
अनुपम खेर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ''मैंने शिरडी से नागपुर तक सड़क मार्ग से यात्रा की, और यह सफर बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग पर था। यह एक अद्भुत अनुभव था। सड़कें बहुत अच्छी हैं, यात्रा सुगम रही और समय की बचत ने मुझे यह एहसास कराया कि भारत में दूरियां कम हो रही हैं और संभावनाएं बढ़ रही हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''प्रगति हमेशा शोर-शराबे के साथ नहीं आती। कई बार विकास का अनुभव तब होता है जब कोई आरामदायक यात्रा करता है, समय पर अपनी मंजिल तक पहुंचता है और देखता है कि उसके चारों ओर कितना बदलाव आया है।''
अनुपम खेर ने कहा, ''मैंने इस यात्रा का पूरा आनंद लिया। इसने मुझे उम्मीद, गर्व और भविष्य के प्रति उत्साह से भर दिया। देश में बदलाव आ रहा है, और इसे अपनी आंखों से देखना वाकई एक अद्भुत अनुभव है।''
हालांकि, उन्होंने एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा, ''इस पूरे सफर में एक चीज की कमी थी- रास्ते में खाने-पीने के आउटलेट्स की।''
गौरतलब है कि समृद्धि महामार्ग महाराष्ट्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं में से एक है। यह लगभग 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे मुंबई और नागपुर को जोड़ता है। इस आधुनिक राजमार्ग ने दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर दिया है। पहले जहां यह सफर पूरा करने में कई घंटे लगते थे, वहीं अब यात्री लगभग आठ घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं।
.png)