पैरों में जलन: क्या यह गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत है?
पैरों में जलन के कारण और संकेत
नई दिल्ली, 30 मार्च। अक्सर लोग पैरों में जलन को मामूली समस्या समझकर अनदेखा कर देते हैं। लेकिन चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, यदि यह समस्या बार-बार होती है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो यह शरीर में किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पैरों में जलन केवल एक साधारण लक्षण नहीं है, बल्कि यह नसों, हार्मोन या शरीर के मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। इसलिए इस लक्षण को समय पर समझना बेहद आवश्यक है।
चिकित्सा की भाषा में, पैरों में जलन की इस स्थिति को बर्निंग फीट सिंड्रोम कहा जाता है। यह तब होता है जब पैरों की नसों पर किसी कारण से प्रभाव पड़ता है। शोध से पता चलता है कि जब नसें ठीक से काम नहीं करतीं या उनमें सूजन आ जाती है, तो व्यक्ति को जलन, झनझनाहट या सुई चुभने जैसा अनुभव होता है। कई मामलों में, यह समस्या रात के समय अधिक बढ़ जाती है, जिससे नींद में भी बाधा आती है।
इस समस्या के सबसे सामान्य कारणों में से एक है डायबिटीज। जब शरीर में लंबे समय तक शुगर का स्तर अधिक रहता है, तो यह छोटी नसों को नुकसान पहुंचाता है। इसे पेरिफेरल न्यूरोपैथी कहा जाता है, जिसमें पैरों में जलन, सुन्नपन और झुनझुनी महसूस होती है। इसी तरह, किडनी से जुड़ी बीमारियों में शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जो नसों को प्रभावित करते हैं और जलन का कारण बन सकते हैं।
विटामिन की कमी भी इस समस्या का एक बड़ा कारण है। विशेष रूप से, विटामिन बी12 की कमी नसों के स्वास्थ्य को सीधे प्रभावित करती है। जब शरीर में यह विटामिन कम हो जाता है, तो नसों की कार्यक्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे पैरों में जलन या सुन्नपन महसूस होता है। इसके अलावा, हाइपोथायरॉयडिज्म यानी थायरॉयड हार्मोन की कमी भी नसों की गति को धीमा कर सकती है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हो सकती है।
ब्लड सर्कुलेशन की कमी भी एक महत्वपूर्ण कारण है। जब पैरों तक पर्याप्त रक्त नहीं पहुंचता, तो वहां ऑक्सीजन और आवश्यक पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, जिससे भारीपन, दर्द और जलन का अनुभव हो सकता है। इसके अलावा, कुछ न्यूरोलॉजिकल स्थितियां, जैसे नर्व डैमेज या लंबे समय तक शराब का सेवन, भी इसी तरह के लक्षण पैदा कर सकती हैं।
केवल बीमारियां ही नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदतें भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। लंबे समय तक खड़े रहना, बहुत टाइट जूते पहनना, पैरों में अधिक पसीना आना या फंगल इन्फेक्शन जैसी स्थितियां पैरों में जलन को बढ़ा सकती हैं।
.png)