एडम ड्राइवर का दिलचस्प खुलासा: फिल्म देखने से क्यों बचते हैं? जानें उनकी अनोखी आदत!
एडम ड्राइवर की अनोखी आदत
मुंबई, 20 मई। हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता एडम ड्राइवर इन दिनों अपनी नई क्राइम ड्रामा फिल्म 'पेपर टाइगर' के चलते सुर्खियों में हैं। हाल ही में कान्स फिल्म फेस्टिवल में इस फिल्म के प्रीमियर के दौरान उन्होंने एक दिलचस्प बात साझा की। उन्होंने बताया कि वह अपनी एक्टिंग को स्क्रीन पर देखने से बचते हैं।
एडम ने कहा, "जब फिल्म शुरू होने वाली होती है, तो मैं थिएटर में बैठने के बजाय किसी ऐसी जगह चला जाता हूं, जहां से बाहर का दृश्य दिखाई दे। फिर मैं वापस थिएटर में लौटता हूं। मैं चाहता हूं कि कोई मेरी ओर ध्यान न दे, ताकि फिल्म खत्म होने पर मैं वहां मौजूद रह सकूं।"
हालांकि एडम ड्राइवर हॉलीवुड के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक हैं, फिर भी उन्हें अपनी एक्टिंग देखने में झिझक महसूस होती है। उनके करियर में 'दिस इज व्हेयर आई लीव यू', 'पैटरसन', 'साइलेंस', 'हाउस ऑफ गुच्ची', 'व्हाइट नॉइज' और 'फेरारी' जैसी कई प्रमुख फिल्में शामिल हैं। लेकिन इसके बावजूद, वह खुद को स्क्रीन पर देखकर सहज नहीं हो पाते।
उन्होंने आगे कहा, "पहले मैं इस घबराहट को कम करने के लिए थोड़ी शराब पीता था, लेकिन मैं ज्यादा नहीं पी पाता था। अगर स्क्रीन पर लोग रो रहे हों और आप बहुत उत्साहित होकर थिएटर में लौटें, तो वह स्थिति अजीब हो सकती है।"
फिल्म के निर्देशक जेम्स ग्रे ने भी एडम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "एडम जैसे कलाकार बहुत कम मिलते हैं। मैंने 'गैरी पर्ल' नाम का किरदार खासतौर पर उनके लिए लिखा था। मुझे यकीन था कि इस किरदार को एडम से बेहतर कोई नहीं निभा सकता।"
जेम्स ग्रे ने यह भी कहा, "एडम ड्राइवर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह एक साथ दो अलग-अलग भावनाओं को पर्दे पर बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत कर सकते हैं। यही उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाता है।"
फिल्म में एडम के साथ काम कर रहीं अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन ने भी जेम्स ग्रे की तारीफ की। उन्होंने कहा, "उनके साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। फिल्म की शूटिंग के दौरान मैंने हर पल का आनंद लिया और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी हुई।"
.png)