मनोज मुंतशिर ने छात्रों के आंदोलन पर उठाए सवाल, क्या राजनीति ने किया हाईजैक?
मनोज मुंतशिर का छात्रों के समर्थन में बयान
मुंबई, 22 जुलाई। प्रसिद्ध गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने हाल ही में छात्रों के विरोध प्रदर्शनों और नीट पेपर लीक विवाद पर अपनी स्पष्ट राय व्यक्त की। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सरकार से नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा करते हुए, मुंतशिर ने कुछ मीडिया चैनलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कुछ मीडिया हाउस यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि मैं छात्रों के साथ नहीं हूं। इस पोस्ट को मेरा आधिकारिक स्टैंड समझा जाए। मैं पूरी तरह से छात्रों के साथ हूं। नीट पेपर लीक एक गंभीर अपराध है, और इसके दोषियों को दंडित करने की जिम्मेदारी सरकार की है। हम सरकार से इसकी जवाबदेही मांगते रहेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "जंतर-मंतर पर असली मुद्दों पर चर्चा नहीं हुई। भारत और सनातन विरोधी ताकतों ने छात्रों को मोहरा बनाकर अपनी चालें चलीं। जो लोग आंदोलन की शुरुआत कर रहे थे, वे छात्रों को अकेला छोड़कर चले गए। मैं भारत सरकार से छात्रों के साथ हुए विश्वासघात को समझने की अपील करता हूं और वादा करता हूं कि मैं हर मंच से छात्रों और युवाओं की आवाज उठाता रहूंगा।"
यह भी उल्लेखनीय है कि मुंतशिर ने एक इंटरव्यू में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने से इनकार किया था और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कुछ लोगों पर सवाल उठाए थे।
उन्होंने पेपर लीक को पूरी तरह से गलत ठहराते हुए कहा कि यदि इस विवाद के कारण किसी छात्र की जान गई है, तो पूरा सिस्टम इसके लिए जिम्मेदार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे छात्रों की चिंताओं का समर्थन करते हैं, लेकिन जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस आंदोलन का मंच उन लोगों द्वारा हाईजैक कर लिया गया है जो भारत विरोधी विचारधारा रखते हैं।
.png)