सुनील शेट्टी की नई फिल्म 'नन्हे दिल': बच्चों के सपनों की कहानी
फिल्म 'नन्हे दिल' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 13 नवंबर। अभिनेता सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'नन्हे दिल' को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें बचपन की मासूमियत, समानता और सपनों की आज़ादी का संदेश दिया गया है। सुनील इस फिल्म में एक प्रतिष्ठित स्कूल के प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहे हैं। उनका मानना है कि यह फिल्म बच्चों, समान अवसरों और बेहतर भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत करती है।
ट्रेलर के अनुसार, कहानी रघु नामक एक प्रतिभाशाली बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पिता धोबी का काम करता है। स्कूल का प्रिंसिपल रघु की प्रतिभा को पहचानता है और उसे आगे बढ़ने का मौका देता है।
फिल्म यह दर्शाती है कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर किसी भी बच्चे की सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि उनकी सफलता में बाधा नहीं बननी चाहिए।
सुनील शेट्टी ने कहा, ''फिल्म 'नन्हे दिल' बच्चों के लिए है। यह हर किसी को समान अवसर देने और यह सुनिश्चित करने की बात करती है कि सभी सुरक्षित और सहज महसूस करें। इसकी कहानी में एक महत्वपूर्ण संदेश है, जो आज के माता-पिता के लिए जागरूकता लाने वाला हो सकता है।''
उन्होंने आगे कहा कि आज की पीढ़ी समानता में विश्वास करती है। बच्चों को अपने सपनों को पूरा करने का हक है, न कि अपने माता-पिता के सपनों के अनुसार जीने का।
सुनील ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म को इसकी सरल और सुंदर कहानी के कारण चुना। उनके अनुसार, ''मैंने यह फिल्म इसलिए की, क्योंकि इसकी कहानी कहने का तरीका बहुत सीधा और सहज है। मुझे खुशी है कि ऐसी कहानियों को भी सुना जा रहा है और उन्हें वैश्विक मंच मिल रहे हैं।''
फिल्म की शूटिंग केवल 37 दिनों में पूरी की गई है। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए इसे 'फ्लाई हाई लिटिल हार्ट्स' नाम दिया गया है। हाल ही में इसकी स्क्रीनिंग टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी हुई।
'नन्हे दिल' को श्रीनाथजी हॉस्पिटैलिटी और नाइनफोल्ड पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। यह नवरस एंटरटेनमेंट की प्रोडक्शन है। फिल्म के निर्माता सौम्य जैन, श्रिया तोरणे, ध्रुव करुणाकर और ऐश्वर्या यादव हैं। फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन का कार्य स्वरूप राज मेदारा ने किया है। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
.png)