समय रैना की वापसी: पिता के प्रति प्यार का नया ट्रेंड बना रहे हैं युवा!
समय रैना का यूट्यूब पर धमाकेदार कमबैक
मुंबई, 9 अप्रैल। प्रसिद्ध स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने लंबे अंतराल के बाद अपने शो 'स्टिल अलाइव' के जरिए यूट्यूब पर वापसी की है। इस 1 घंटे 21 मिनट के वीडियो में उन्होंने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
उन्होंने अपने पिता के प्रति गहरे प्रेम और समर्थन की एक दिलचस्प कहानी भी साझा की। शो के दौरान, समय ने बताया कि जब वह लेटेंट विवाद में फंसे हुए थे और मानसिक तनाव में थे, तब उनके पिता ने उनका पूरा साथ दिया।
समय ने दर्शकों को बताया कि लड़कों के लिए अपने पिता के सामने खुलकर बात करना अक्सर मुश्किल होता है। वे अपने मन की बात कहने में संकोच करते हैं।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने पिता के साथ एक भावनात्मक संबंध स्थापित करें और इस चुप्पी को तोड़ें। उन्होंने अपने फॉलोअर्स से कहा कि वे अपने पिता को प्यार का इजहार करें, भले ही यह शुरुआत में अजीब लगे।
"चुप्पी तोड़ो और अपने पिता को बताओ कि तुम उन्हें कितना प्यार करते हो," समय ने कहा।
समय की इस भावनात्मक अपील ने सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड शुरू कर दिया है। अब युवा अपने पिता को अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए वीडियो बना रहे हैं और उन्हें पोस्ट कर रहे हैं, साथ ही समय रैना को टैग भी कर रहे हैं। यह ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
इस पर अभिनेत्री अविका गौर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक लड़का अपने पिता को धन्यवाद कह रहा है। अविका ने समय का समर्थन करते हुए लिखा, "क्या ट्रेंड शुरू किया यार तुमने।"
गौरतलब है कि 'बालिका वधू' की फेम अभिनेत्री अविका गौर ने समय के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के एपिसोड 9 में भाग लिया था, जहां उन्होंने अपने पुराने शो की यादों और अपने करियर से जुड़ी बातें साझा की थीं।
.png)