Movie prime

क्या है विवेक दहिया का नया सुपरहीरो अवतार? जानें 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' की कहानी!

विवेक दहिया, जो टीवी इंडस्ट्री में अपनी अदाकारी के लिए जाने जाते हैं, अब एक नए शो 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' में नजर आएंगे। इस शो में वह एक साधारण इस्त्री करने वाले व्यक्ति का किरदार निभाते हैं, जिसे दिव्य शक्तियां मिलती हैं। कहानी में संघर्ष, आस्था और इंसानियत का संदेश है। जानें इस अनोखे किरदार के बारे में विवेक का क्या कहना है और कैसे यह शो दर्शकों को प्रभावित करेगा।
 
क्या है विवेक दहिया का नया सुपरहीरो अवतार? जानें 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' की कहानी!

विवेक दहिया का नया किरदार




मुंबई, 19 मई। टीवी इंडस्ट्री में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए मशहूर विवेक दहिया अब एक नए और अनोखे अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। वह जल्द ही एक नई सीरीज 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' में नजर आएंगे, जिसमें वह एक साधारण इस्त्री करने वाले व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं।


कहानी में आगे चलकर उन्हें दिव्य शक्तियां प्राप्त होती हैं, जिससे उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आता है। शो के नाम के साथ ही दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।


विवेक ने अपने किरदार के बारे में बताया, ''मेरा किरदार जय एक साधारण इंसान है, जो इस्त्री की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी जिंदगी संघर्षों से भरी है, जिसमें वह आर्थिक समस्याओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों का सामना करता है, लेकिन वह अपनी अच्छाई और विश्वास को कभी नहीं छोड़ता। यही बात मेरे किरदार को खास बनाती है।''


उन्होंने आगे कहा कि कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है, जो जय की जिंदगी को पूरी तरह बदल देता है। एक चमत्कारी घटना के बाद उसे दिव्य शक्तियां मिलती हैं और उसकी मुलाकात तीन रहस्यमयी मार्गदर्शकों ज्ञान, गुण और सागर से होती है। ये तीनों उसके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उसे अपनी नई शक्तियों को समझने में मदद करते हैं। शो में मनोरंजन के साथ-साथ आस्था और इंसानियत का संदेश भी मिलेगा।


विवेक ने कहा, ''इस प्रोजेक्ट में मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करने वाली बात थी सुपरपावर वाला किरदार निभाने का अवसर। मैंने पहले कभी ऐसा रोल नहीं किया था, इसलिए यह मेरे लिए खास बन गया।''


जब उनसे पूछा गया कि 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' जैसा नाम सुनकर उनकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी, तो विवेक ने कहा, "मुझे किरदार का लुक और अंदाज बहुत पसंद आया। मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे ऐसा रोल निभाने का मौका मिलेगा। यह पूरी तरह नया अनुभव है।"


विवेक ने बताया, ''जय भगवान हनुमान का बड़ा भक्त है। शो में वह हमेशा भगवान पर विश्वास रखता है और कठिनाइयों में भी उम्मीद नहीं छोड़ता। कहानी में भगवान हनुमान उसे विशेष शक्तियों का आशीर्वाद देते हैं, जिनकी मदद से वह लोगों की जिंदगी में सुधार लाने की कोशिश करता है।''


अभिनेता ने कहा, ''सुपरहीरो का किरदार निभाना मेरे लिए रोमांचक अनुभव रहा। जैसे ही मुझे इस रोल के बारे में बताया गया, मैंने तुरंत इसके लिए हां कर दी। मुझे पता था कि यह चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन उतना ही मजेदार भी।''


विवेक ने कहा, ''एक कलाकार के रूप में मैं हमेशा नए और अलग किरदार करने की कोशिश करता हूं। 'सुपरहीरो इस्त्रीवाला' सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि इसमें भावनाएं, संघर्ष, परिवार और इंसानियत जैसे कई पहलू देखने को मिलेंगे।''


OTT