हरियाणा पुलिस ने बादशाह के विवादास्पद गाने 'टटीरी' के खिलाफ उठाए सख्त कदम
हरियाणा पुलिस की कार्रवाई
पटना, 23 मार्च। हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादास्पद गाने 'टटीरी' के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। पंचकूला पुलिस के अनुसार, अब तक इस गाने से संबंधित 857 लिंक हटा दिए गए हैं, जिनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं।
पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर गाने के सभी वर्जन जैसे री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और अन्य प्रारूपों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई उन आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ की गई है, जिसमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अश्लील और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार की सामग्री को सहन नहीं किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार एक सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि ऐसे कंटेंट के खिलाफ लगातार निगरानी और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पंचकूला आयुक्त शिबास कविराज ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित गाने पर रील, शॉर्ट वीडियो या अन्य सामग्री बनाता या साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अकाउंट्स को ब्लॉक या प्रतिबंधित किया जा सकता है और बार-बार उल्लंघन करने वालों पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज होगा।
पुलिस की टीम लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी कर रही है और गाने के प्रसार में शामिल अन्य व्यक्तियों और हैंडल्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हरियाणा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी कंटेंट को साझा करने से बचें और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इससे डिजिटल स्पेस को सुरक्षित और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में मदद मिलेगी। यह मामला साइबर थाना, सेक्टर-20 पंचकूला में दर्ज किया गया है।
.png)