हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने बादशाह के 'टटीरी' सॉन्ग पर कड़ी कार्रवाई का दिया आदेश!
बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी
पानीपत, 7 मार्च। रैपर और गायक बादशाह 'टटीरी' गाने के कारण गंभीर विवाद में फंस गए हैं। हरियाणा पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है ताकि वह देश से भाग न सकें।
गाने को यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का भी आदेश दिया गया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
महिपाल ढांडा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब उन्हें पता चला कि सरकारी स्कूल की ड्रेस में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों के साथ गाना रिलीज किया गया है, तो सरकार ने एफआईआर दर्ज की। इसके साथ ही रोडवेज बस का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जांच में रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, बादशाह ने सोशल मीडिया पर विवादित गाने के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनके लिरिक्स और विजुअल्स से हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है और उनका इरादा किसी को दुख पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने वीडियो के माध्यम से हरियाणा के लोगों से माफी मांगी और कहा, "अगर किसी को ठेस पहुंची है तो दिल से क्षमा चाहते हैं।"
गौरतलब है कि हरियाणा महिला आयोग ने पहले बादशाह को समन भेजा था, जिसके बाद हरियाणा में दो जगहों पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बादशाह को तुरंत पेश होने के लिए नोटिस भी जारी किया है ताकि वह देश छोड़कर न जा सकें।
बादशाह के लेटेस्ट गाने 'टटीरी' में स्कूल यूनिफॉर्म पहने बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जिससे शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
.png)