हनुमान जयंती पर जानें उन सितारों के बारे में जिन्होंने निभाया हनुमान का किरदार
हनुमान जयंती का महत्व और अभिनेताओं की भूमिका
मुंबई, 01 अप्रैल (वेब वार्ता)। चैत्र पूर्णिमा के दिन, गुरुवार को, भक्त हनुमान का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। संकट मोचन की भक्ति, साहस, शक्ति और निष्ठा की प्रेरणादायक कहानी रामायण में कई अभिनेताओं ने अपने अद्भुत अभिनय से जीवंत की है।
इस सूची में दिवंगत अभिनेता दारा सिंह और देवदत्त नागे जैसे कई सितारे शामिल हैं। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर, आइए जानते हैं उन कलाकारों के बारे में जिन्होंने हनुमान का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता।
दारा सिंह की बात करें तो वह केवल एक प्रसिद्ध पहलवान ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन अभिनेता भी थे। उन्होंने 1976 में फिल्म ‘बजरंगबली’ में हनुमान का किरदार निभाया और फिर 1987 में रामानंद सागर के प्रसिद्ध टीवी शो ‘रामायण’ में हनुमान बनकर घर-घर में लोकप्रिय हो गए। उनकी लंबाई 6 फुट से अधिक और वजन लगभग 127 किलोग्राम था।
राज प्रेमी ने 1997 में शो ‘जय हनुमान’ में हनुमान का मुख्य किरदार निभाया। यह शो संजय खान के प्रोडक्शन का था और दूरदर्शन पर प्रसारित होता था। राज प्रेमी पहले क्रिकेटर थे और बाद में अभिनेता बने, जिन्होंने ‘श्री कृष्ण’ में शिशुपाल का किरदार भी निभाया।
दानिश अख्तर सैफी, जो एक रेसलर से अभिनेता बने, ने 2015 में शो ‘सिया के राम’ में हनुमान का किरदार निभाया। वह मुस्लिम हैं, लेकिन हनुमान जी के सच्चे भक्त हैं। उस समय उनका वजन 130 किलो था और वह रोजाना 5 लीटर दूध पीते थे।
देवदत्त नागे, जो मराठी सिनेमा के अभिनेता हैं, ने 2023 में रिलीज हुई पैन-इंडिया फिल्म ‘आदिपुरुष’ में हनुमान का किरदार निभाया। इस फिल्म में प्रभास श्री राम और कृति सेनन माता सीता की भूमिका में नजर आए। देवदत्त को श्रीरामदूत के किरदार में काफी सराहा गया।
संकट मोचन का किरदार निभाने वाले सितारों में निर्भय वाधवा का नाम भी शामिल है। उन्होंने ‘महाभारत’ में दुषासन का किरदार निभाकर शुरुआत की और बाद में ‘संकट मोचन महाबली हनुमान’ और 2024 के शो ‘श्रीमद रामायण’ में हनुमान का किरदार निभाया। उन्होंने कहा था, “हनुमान जी मुझे बार-बार चुनते हैं।”
विंदू दारा सिंह ने भी अपने पिता दारा सिंह की तरह श्रीराम भक्त हनुमान की भूमिका निभाई। उन्होंने ‘जय वीर हनुमान’ और ‘विष्णु पुराण’ में हनुमान का किरदार निभाया।
इसके अलावा, एकाग्र द्विवेदी ने केवल 6 साल की उम्र में शो ‘कहत हनुमान जय श्री राम’ में बाल हनुमान का किरदार निभाकर सबका दिल जीत लिया। वहीं, इशांत भानुशाली ने 7 साल की उम्र में ‘संकट मोचन महाबली हनुमान’ में बाल हनुमान का किरदार निभाया।
.png)