राज कुंद्रा ने मां के 75वें जन्मदिन पर किया खास जश्न, शिल्पा शेट्टी ने भी दी शुभकामनाएं!
राज कुंद्रा का भावुक संदेश
मुंबई, 6 अगस्त। अभिनेता और व्यवसायी राज कुंद्रा ने अपनी मां के 75वें जन्मदिन को बेहद खास तरीके से मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से अपनी मां के प्रति अपने प्यार और आभार को व्यक्त किया। राज ने कहा कि उनकी मां ने उनके लिए जो त्याग और संघर्ष किया है, उसका कर्ज वह कभी नहीं चुका सकते।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी सास उषा रानी कुंद्रा को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें अपनी 'सबसे अच्छी दोस्त' और 'सबसे बड़ी चीयरलीडर' बताया।
राज कुंद्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी मां के साथ बिताए गए कई खूबसूरत लम्हे दिखाए गए हैं। इस वीडियो में सवी कहलों का गाना 'तेरे नाल प्यार माये' सुनाई दे रहा है। वीडियो में मां-बेटे के बीच का प्यार और परिवार के साथ बिताए गए खास पल नजर आ रहे हैं।
राज ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ''आपने मेरे लिए जो त्याग किए, उन अनगिनत रातों के लिए धन्यवाद, जब आप मेरी चिंता में जागती रहीं। आपके निस्वार्थ प्रेम के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''आपकी वजह से मैं आज जो कुछ भी हूं, वह सब आपके समर्थन का परिणाम है। आपने मुझे हर कदम पर संभाला और कभी हार नहीं मानने की प्रेरणा दी। मैं हमेशा आपके प्यार का ऋणी रहूंगा।''
राज ने अपनी मां से आशीर्वाद की भी प्रार्थना की। उन्होंने लिखा, ''मैं चाहता हूं कि आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहे। मैं प्रार्थना करता हूं कि आपको लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियों से भरे कई साल मिलें। हैप्पी बर्थडे, मां।''
शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी सास के 75वें जन्मदिन पर एक विशेष वीडियो साझा किया और लिखा, ''आप सबसे युवा सोच वाली और सबसे कूल मदर-इन-लॉ हैं। आपकी जिंदगी जीने का तरीका सच में प्रेरणादायक है। मैं आपकी खुशियों और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।''
उन्होंने कहा, ''मैं आपकी आभारी हूं कि मुझे दुनिया की सबसे बेहतरीन सास मिली, जो मेरी सच्ची दोस्त और सबसे बड़ी चीयरलीडर भी हैं। हम सभी आपसे बहुत प्यार करते हैं।''
.png)