फैशन डिजाइनर रश्मि आर्या ने 'शिव शंभु शंकरा' से गायकी में रखा कदम, जानें कैसे हुआ ये सफर!
रश्मि आर्या का गायकी में डेब्यू
मुंबई, 21 जुलाई। पवित्र श्रावण मास के आगमन से पहले, टी-सीरीज ने भगवान शिव को समर्पित एक नया भक्ति गीत 'शिव शंभु शंकरा' लॉन्च किया है। इस गीत के माध्यम से फैशन डिजाइनर रश्मि आर्या ने गायिका के रूप में अपने करियर की शुरुआत की है।
इस गीत का संगीत गुरु शर्मा ने तैयार किया है और उन्होंने ही इसका निर्देशन भी किया है। सह-निर्माता गुरप्रीत चड्ढा और निवेश ने इस प्रोजेक्ट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लॉन्च इवेंट के दौरान, गुरप्रीत ने रश्मि के गायकी में कदम रखने की प्रेरणा के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, "कुछ महीने पहले, जब हम जिम में थे, रश्मि ने मुझसे बताया कि उन्हें गाना बहुत पसंद है और वह एक गाना रिकॉर्ड करना चाहती हैं। जब मैंने उनसे गाने के लिए कहा, तो उनकी आवाज ने मुझे प्रभावित किया। मैं हमेशा नए टैलेंट को मौका देने में विश्वास रखता हूं, इसलिए मैंने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।"
गुरप्रीत ने बताया कि इसके बाद उन्होंने रश्मि को निर्देशक गुरु शर्मा से मिलवाया। पूरी टीम ने मिलकर तय किया कि रश्मि का पहला गाना भगवान शिव को समर्पित होगा, ताकि उनकी यात्रा का आरंभ ईश्वर के आशीर्वाद से हो सके। उन्होंने ऋषिकेश की पहाड़ियों और नदी किनारों पर शूटिंग के दौरान रश्मि की मेहनत की भी सराहना की।
निर्देशक गुरु शर्मा ने कहा, "रश्मि के साथ काम करना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि उन्हें अपने गाने पर विश्वास नहीं था। लेकिन लगातार अभ्यास और प्रोत्साहन के बाद, जब उन्होंने गाना रिकॉर्ड किया, तो यह सभी के लिए सुखद आश्चर्य था।"
रश्मि ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "फैशन इंडस्ट्री में इतने समय बिताने के बाद, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं गायकी के लिए समय निकाल पाऊंगी। यह गाना मेरे भीतर से सहज रूप से निकला है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि अपनी खुशी कैसे व्यक्त करूं। यह सब मेरी मां के संस्कारों का परिणाम है। भगवान शिव ने मुझे इस पावन मार्ग पर ला खड़ा किया है।"
कार्यक्रम में अभिनेता अर्जुन बिजलानी भी उपस्थित थे। उन्होंने रश्मि के गाने की तारीफ करते हुए कहा कि जब रश्मि ने उन्हें इसके बारे में बताया, तो उन्हें लगा कि यह आसान होगा, लेकिन सुनने के बाद वह काफी प्रभावित हुए।
.png)