Movie prime

परिणीति चोपड़ा ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब, मां बनने के बाद के शरीर पर चर्चा पर उठाए सवाल

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने हाल ही में ट्रोलर्स को जवाब देते हुए महिलाओं की बॉडी-शेमिंग पर अपनी राय साझा की। उन्होंने पोस्टपार्टम के दौरान महिलाओं के शरीर पर होने वाली चर्चा को अजीब बताया और कहा कि इस तरह की बातें अनपढ़ता की निशानी हैं। परिणीति ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मां बनने के बाद के शरीर में आए बदलाव खूबसूरत होते हैं। जानें उनके विचार और इस मुद्दे पर उनका दृष्टिकोण।
 

परिणीति चोपड़ा का ट्रोलर्स पर तीखा जवाब


मुंबई, 23 सितंबर (वेब वार्ता)। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने महिलाओं, विशेषकर पोस्टपार्टम के दौरान बॉडी-शेमिंग करने वाले ट्रोलर्स को कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने इस विषय पर चर्चा को ‘अजीब’ करार देते हुए सवाल उठाया कि महिलाओं को इस तरह की आलोचना का सामना क्यों करना पड़ता है।


परिणीति ने कहा, “मैं इस पर ध्यान नहीं देती क्योंकि मैं इसे देखती ही नहीं हूं। सच कहूं तो मुझे इसके बारे में पता भी नहीं चलता, क्योंकि मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताती ही नहीं हूं और अगर कभी पता चल भी जाए तो इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं अपनी लाइफ को लेकर बहुत सच्ची हूं, मैं अपने समय, परिवार, दोस्तों और अपनी खुद की जिंदगी को लेकर सच्ची हूं।”


उन्होंने यह भी बताया कि वे सोशल मीडिया ट्रोलर्स से प्रभावित नहीं होती हैं। उन्होंने कहा, “मैं उन अनजान लोगों की बातों से परेशान नहीं होने वाली जो मेरे बारे में बात करते हैं। इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है और मेरे पास इसके लिए समय भी नहीं है।”


कैटरीना कैफ की पोस्टपार्टम ट्रोलिंग पर परिणीति ने कहा कि इस तरह की बातें अनपढ़ता की निशानी हैं। उन्होंने कहा, “2026 में भी महिलाओं को बॉडी शेम किया जाता है तो मुझे ये बहुत ही अनपढ़ता वाली और अजीब बात लगती है कि खासकर उन महिलाओं के बारे में बात की जाती है जो अभी मां बनी हैं। मैं समझ नहीं पाती कि ऐसा क्यों होता है।”


अभिनेत्री ने आगे कहा, “मुझे सच में समझ नहीं आता कि अगर एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है तो उसके शरीर पर जो निशान हैं, उसमें निगेटिव क्या है। ये तो खूबसूरत निशान हैं। जैसे आप मालदीव जाते हैं और आपकी स्किन टैन हो जाती है, तो वो इस बात का सबूत है कि आप मालदीव गए थे। आप जिम जाते हैं तो आपके एब्स बनते हैं तो फिर 9 महीने तक एक इंसान को अपने अंदर पालने से आपके शरीर में जो जरूरी बदलाव आते हैं, जो एक हेल्दी बच्चे के लिए जरूरी हैं, उन पर चर्चा क्यों होती है और अगर चर्चा होती भी है तो निगेटिव क्यों होती है।”


उन्होंने अपनी बात को समाप्त करते हुए कहा, “मेरे लिए तो बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आया हर बदलाव बहुत खूबसूरत है। मैं इसे देखती हूं तो लगता है कि मैंने एक बच्चे को जन्म दिया है और ये कितना सुंदर है।”


OTT