Movie prime

दीपावली पर इशिता दत्ता की पारंपरिक तैयारी: बच्चों को सिखा रही हैं त्योहारों का महत्व

अभिनेत्री इशिता दत्ता ने दीपावली के त्योहार को पारंपरिक तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने बच्चों को इन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया है, ताकि वे भी बड़े होकर इन्हें आगे बढ़ा सकें। इशिता ने अपने घर में दीपावली की सादगी, मिठाइयों की तैयारी और रंगोली बनाने की परंपरा के बारे में बताया। जानें कैसे यह त्योहार परिवार को एक साथ लाने का अवसर बनता है और इशिता अपने बच्चों को क्या सिखाना चाहती हैं।
 

इशिता दत्ता का दीपावली उत्सव




मुंबई, 9 नवंबर। अभिनेत्री इशिता दत्ता ने इस साल दीपावली का त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाने का निर्णय लिया। घर में मिठाइयां बनाना, लक्ष्मी पूजा करना, दीप जलाना और रंगोली सजाना उनके उत्सव का अभिन्न हिस्सा हैं। वह अपने बच्चों को भी इन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं, ताकि वे भी बड़े होकर इन्हें आगे बढ़ा सकें।


एक इंटरव्यू में इशिता ने बताया कि उनके घर में दीपावली का जश्न बहुत साधारण तरीके से मनाया जाता है। इस दिन पूरा परिवार सुबह एक साथ उठता है और पूजा के लिए मिठाइयां बनाता है। इसके बाद घर में लक्ष्मी पूजा होती है और बाहर दीप जलाए जाते हैं।


उन्होंने कहा, ''हमारे घर में दीपावली का जश्न सादगी से मनाया जाता है। सुबह उठकर पूरा परिवार एक-दूसरे को शुभकामनाएं देता है। पूजा के लिए मिठाइयां बनाते हैं और फिर लक्ष्मी पूजा करते हैं। दीप जलाने की तैयारी कुछ दिन पहले से शुरू होती है। शाम को कभी-कभी हम बाहर भी जाते हैं। हर साल काली पूजा में भी शामिल होते हैं और इसी के साथ हमारा दिन समाप्त होता है।''


इशिता का मानना है कि त्योहार परिवार को एक साथ लाने का बेहतरीन अवसर होते हैं। उन्हें पुरानी परंपराओं का पालन करना पसंद है और अब वह अपने बच्चों को भी इनकी शिक्षा दे रही हैं।


उन्होंने कहा, ''मुझे परंपराएं बहुत प्रिय हैं और मैं उन्हें निभाना पसंद करती हूं। अब मुझे अपने बच्चों को ये परंपराएं सिखाना अच्छा लगता है। मुझे उम्मीद है कि वे भी इन्हें आगे बढ़ाएंगे। मेरे लिए त्योहार का मतलब परिवार के साथ समय बिताना है।''


बचपन की दीपावली की यादों को साझा करते हुए इशिता ने कहा, ''मेरे पास दीपावली की कई यादें हैं। हर साल नारियल के लड्डू बनाना उनमें से एक है। हम आज भी यह परंपरा निभाते हैं। इसके अलावा लक्ष्मी पूजा करना और रंगोली सजाना मुझे बहुत पसंद है।''


उन्होंने रंगोली बनाने के अपने खास तरीके के बारे में भी बताया। इशिता ने कहा, ''हमारे घर में पहले चावल से रंगोली बनाई जाती थी। चावल को भिगोकर उसका पेस्ट बनाते थे और फिर ब्रश से रंगोली बनाते थे। अब हम फूलों से रंगोली बनाते हैं, ताकि बच्चे भी इसमें भाग ले सकें।''


दीपावली से मिलने वाली सीख के बारे में बात करते हुए इशिता ने कहा, ''मेरे लिए दीपावली परिवार के मूल्यों और हमारी संस्कृति का त्योहार है। यह रोशनी का पर्व है और हमें सिखाता है कि अच्छाई हमेशा बुराई पर जीत हासिल करती है। मैं अपने बच्चों को यही सिखाना चाहती हूं कि हमेशा ईमानदार रहें और अच्छे इंसान बनने की कोशिश करें।''


OTT