दिल्ली में अंगदान पर आधारित पहला वरदान अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: मनोज जोशी ने की सराहना
वरदान अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन
नई दिल्ली, 26 फरवरी। दधीचि देहदान समिति ने अंगदान के महत्व को उजागर करने के लिए एक अनूठा कदम उठाते हुए दिल्ली में पहले वरदान अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन किया है, जो दो दिनों तक चलेगा।
इस अवसर पर कई बॉलीवुड सितारे भी उपस्थित रहे। अभिनेता मनोज जोशी ने इस पहल की सराहना की और इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मनोज जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह महोत्सव अंगदान पर केंद्रित वृत्तचित्र महोत्सव है। जब कोई व्यक्ति इस दुनिया से चला जाता है, तो उसके अंगों का दान किसी और को जीवन का उपहार दे सकता है, चाहे वह नेत्रदान हो या अन्य अंग।"
उन्होंने आगे कहा, "इस महोत्सव में बच्चों द्वारा बनाई गई एक शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई है। मैंने एक केस देखा, जिसमें एक बैडमिंटन खिलाड़ी का हृदय ट्रांसप्लांट किया गया है और वह अब स्वस्थ है। यह देखकर खुशी होती है कि अंगदान से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है। हमें इस विषय पर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।"
मनोज जोशी ने कहा कि पहले के युगों में तप और जप का महत्व था, लेकिन आज के युग में दान की महत्ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस महोत्सव का हिस्सा बनें और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाएं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस महोत्सव में शामिल हुईं और उन्होंने इस नेक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा, "आज का दिन वास्तव में खुशी का है। हम यहां अंगदान के लिए आए हैं, जो एक ऐसा विषय है जिसकी आवश्यकता किसी को नहीं होती, लेकिन जब ऐसी स्थिति आती है, तो समाज को जागरूक होना आवश्यक है।"
.png)