Movie prime

चंडीगढ़ में बादशाह के क्लब पर प्रशासन की कार्रवाई: जानें क्या है पूरा मामला?

चंडीगढ़ प्रशासन ने मशहूर रैपर बादशाह के क्लब को नियमों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि क्लब में कई अनियमितताएं पाई गई थीं। इससे पहले बादशाह अपने गाने 'टटीरी' को लेकर विवादों में रहे थे। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और बादशाह का क्या कहना है।
 
चंडीगढ़ में बादशाह के क्लब पर प्रशासन की कार्रवाई: जानें क्या है पूरा मामला?

चंडीगढ़ में क्लब सील करने की कार्रवाई


चंडीगढ़, 2 जून। प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के चलते प्रसिद्ध गायक और रैपर बादशाह से जुड़े एक लोकप्रिय क्लब को सील कर दिया है।


चंडीगढ़ प्रशासन की बिल्डिंग ब्रांच और एस्टेट ऑफिस की टीम ने सेक्टर-26 में स्थित इस क्लब पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने क्लब के मुख्य द्वार पर सील लगाकर उसे बंद कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि क्लब में नियमों का पालन नहीं किया गया और दिशा-निर्देशों के खिलाफ बदलाव किए गए थे।


सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से क्लब में निर्माण संबंधी अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में यह पाया गया कि क्लब में कुछ ऐसे परिवर्तन किए गए थे जो नक्शे और निर्धारित बिल्डिंग बायलॉज के अनुरूप नहीं थे। अधिकारियों ने कई बार नोटिस जारी कर नियमों के अनुसार सुधार करने के निर्देश दिए थे।


प्रशासन का दावा है कि बार-बार चेतावनी देने और पर्याप्त समय देने के बावजूद क्लब में आवश्यक बदलाव नहीं किए गए। इसलिए नियमों के तहत कार्रवाई करना अनिवार्य हो गया। इसी के तहत टीम मौके पर पहुंची और क्लब के मुख्य दरवाजों को सील कर दिया।


इससे पहले, बादशाह अपने गाने 'टटीरी' को लेकर विवादों में रहे थे। इस गाने के अश्लील बोलों के कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें समन भी भेजा था, जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी।


रैपर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में कहा था, "मेरा इरादा हरियाणा की किसी महिला के बारे में ऐसी बात करने का नहीं था। मैं हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां लिरिक्स प्रतिद्वंदी के लिए होते हैं, न कि किसी औरत या बच्चे के लिए। मैं खुद हरियाणा से हूं और मैंने हमेशा कोशिश की है कि मैं हरियाणा की संस्कृति को ऊंचाई तक लेकर जाऊं। अगर गाने से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं तहेदिल से माफी मांगता हूं।"


OTT