गुरु रंधावा का नया गाना 'फाइन शिट': ट्रोलिंग के बीच क्या है सच्चाई?
गुरु रंधावा का नया गाना 'फाइन शिट' चर्चा का विषय
मुंबई, 10 अगस्त। सिंगर गुरु रंधावा इन दिनों अपने हालिया गाने 'फाइन शिट' के चलते सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। गाने के रिलीज होते ही कुछ लोगों ने इसे सराहा, जबकि कई यूजर्स ने इसके बोल, संगीत और वीडियो की प्रस्तुति पर सवाल उठाए। इस ट्रोलिंग के बीच, गुरु रंधावा ने खुद इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
गुरु ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''मैं मानता हूं कि मैं ऐसे गाने बनाता हूं जो आपके दिमाग में बार-बार चलते रहते हैं। जो गाने बन रहे हैं, वो मुझे अच्छे लग रहे हैं। इसमें कोई नकारात्मक भावनाएं नहीं हैं। ये बस एक छोटी सी स्लैंग है। शांत हो जाओ, शांत हो जाओ, शांत हो जाओ दोस्तों।''
'फाइन शिट' गाने का म्यूजिक वीडियो एक कॉर्पोरेट ऑफिस के माहौल में फिल्माया गया है, जहां गुरु रंधावा एक सीनियर प्रोफेशनल के रूप में नजर आते हैं। उनके चारों ओर महिला सहकर्मी डांस करती दिखाई देती हैं।
वीडियो की शुरुआत एक मजेदार डिस्क्लेमर के साथ होती है, जिसमें बताया गया है कि सभी कलाकार 18 साल से ऊपर हैं और कहानी काल्पनिक है। दर्शकों को मजाक में सलाह दी गई है कि वे ऑफिस में वीडियो के डांस स्टेप्स को न दोहराएं, वरना एचआर उन्हें बैन कर सकता है।
गाने के रिलीज के बाद कई यूजर्स ने गुरु रंधावा को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ ने इसे 'नॉइज पॉल्यूशन' कहा, जबकि अन्य ने गुरु की तुलना टोनी कक्कड़ से की। कई लोगों ने गाने के बोल पर सवाल उठाए और वीडियो में ऑफिस और महिला कर्मचारियों की प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जताई। हालांकि, कुछ लोगों ने गाने को पसंद किया और इसे गुरु रंधावा का कमबैक बताया।
'फाइन शिट' को गुरु रंधावा और यश्वी देसाई ने गाया है, जबकि इसके बोल गुरु रंधावा और गुरजीत गिल ने लिखे हैं। म्यूजिक वीडियो में रूही दोसानी, डिविनिटी बिष्ट, अर्शिया सिन्हा, रायमा ग्रोवर और मेहर कौर जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
गुरु रंधावा को इससे पहले भी अपने गाने 'अजुल' को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसमें कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया था कि इसमें शिक्षक और छात्र के बीच अनुचित रिश्ते को गलत तरीके से पेश किया गया।
.png)