Movie prime

क्या है श्रेया घोषाल के 'अनस्टॉपेबल टूर' की खासियत? जानें उनके अनुभव

प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल ने अपने अंतरराष्ट्रीय संगीत दौरे 'अनस्टॉपेबल टूर' के अनुभव साझा किए हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने दर्शकों के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव और यादगार पलों के बारे में बताया। जानें कैसे हर शो ने उन्हें और उनके दर्शकों को एक परिवार की तरह जोड़ा। इस यात्रा के बारे में और अधिक जानने के लिए पढ़ें।
 

श्रेया घोषाल का इंटरनेशनल म्यूजिक टूर


मुंबई, 30 जून। प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल इन दिनों अपने अंतरराष्ट्रीय संगीत दौरे 'अनस्टॉपेबल टूर' के कारण सुर्खियों में हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित इस दौरे के बाद, श्रेया ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अपने करियर की एक महत्वपूर्ण शुरुआत बताया।


उन्होंने कहा, ''यह अनुभव वास्तव में अद्भुत रहा। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए कॉन्सर्ट मेरे 'अनस्टॉपेबल टूर' का सबसे यादगार हिस्सा रहे। ऑकलैंड, पर्थ, सिडनी और मेलबर्न में हर जगह जबरदस्त ऊर्जा, प्यार और जश्न का माहौल था। मुझे लगता है कि इस कॉन्सर्ट ने 'अनस्टॉपेबल' को और भी खास बना दिया है। हमने बहुत कुछ नया सीखा है।''


श्रेया ने अपने दौरे के दौरान कुछ खास पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''हर शहर में शो में कुछ न कुछ सरप्राइज जरूर होते थे, जिसने दर्शकों और मुझे दोनों को खुश कर दिया। कभी स्थानीय कलाकार स्टेज पर शामिल हुए, तो कभी दर्शकों में से किसी को परफॉर्म करने का मौका मिला, जिससे हर शो अलग और विशेष बन गया।''


उन्होंने विशेष रूप से सिडनी और मेलबर्न के अनुभवों को साझा किया। श्रेया ने बताया, ''सिडनी में मेरे गाने 'नगाड़ा संग ढोल' के दौरान एक डांसर ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसने शो की ऊर्जा को दोगुना कर दिया। वहीं, मेलबर्न में एक महिला ढोल प्लेयर ने स्टेज पर आकर परफॉर्म किया, जिससे पूरा माहौल जोश से भर गया। इन पलों में सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं की भागीदारी ने शो को और भी जादुई बना दिया।''


उन्होंने कहा, ''हर शो के साथ मुझे ऐसा लगता है कि मेरा दर्शकों का परिवार और बड़ा हो रहा है। यह सिर्फ एक संगीत दौरा नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है, जो हर परफॉर्मेंस के साथ और गहरा होता जा रहा है। दर्शकों का प्यार और उनका साथ मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।''


श्रेय ने कहा, "मैं इस पूरे सफर के लिए बेहद आभारी हूं, और मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे दुनिया भर में लोगों के साथ अपनी आवाज और संगीत साझा करने का अवसर मिल रहा है। यह टूर अभी शुरुआत है, और आने वाले समय में यह यात्रा और भी बड़ी होने वाली है।"


OTT