क्या है 'जेन जी' का जादू? नफीसा अली ने की युवा पीढ़ी की तारीफ
नफीसा अली का जेन जी के प्रति प्यार
मुंबई, 24 जुलाई। हाल ही में नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में जेन जी की डिजिटल व्यंग्य, सामूहिक एकजुटता और व्यवस्था के प्रति अविश्वास की भावना स्पष्ट रूप से देखी गई। इस पीढ़ी ने पारंपरिक नारों के बजाय मीम्स, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और पॉप कल्चर का सहारा लिया। अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली सोढ़ी को यह अनूठा अंदाज बहुत पसंद आया।
उन्होंने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर जेन जी के लिए एक विशेष संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने उनकी ईमानदारी और खुलेपन की सराहना की। नफीसा ने इसे मिलेनियल मां का पत्र बताते हुए लिखा, "प्रिय जेन जी, लोगों ने तुम्हें नाजुक और भावुक कहा, लेकिन तुमने अपनी सच्चाई से अपनी पहचान बनाई है। तुमने उन भावनाओं को व्यक्त किया, जिन्हें हमें हमेशा छिपाने के लिए कहा गया। तुमने यह सिखाया कि अपनी भावनाओं को साझा करना कमजोरी नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम मिलेनियल्स ने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा दूसरों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में बिताया, लेकिन तुमने हमें सिखाया कि खुद को स्वीकार करना और सच्चाई के साथ जीना कितना महत्वपूर्ण है। तुमने यह तय किया कि समस्याओं को चुपचाप सहने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करना चाहिए।"
नफीसा ने युवा पीढ़ी को धन्यवाद देते हुए लिखा, "धन्यवाद, क्योंकि तुमने यह समझाया कि इंसान होना और अपनी भावनाएं व्यक्त करना सामान्य है। तुम आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुनिया को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हो। ढेर सारा प्यार, एक मिलेनियल मां।"
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "भारत के युवाओं को मेरा आशीर्वाद और सम्मान। आप जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रहे हैं, उस पर गर्व है।" नफीसा ने अपनी पोस्ट में सीजेपी पार्टी को भी टैग किया।
.png)