क्या सोशल मीडिया फॉलोअर्स से तय होती है कलाकारों की पहचान? नैना सरीन का अनोखा नजरिया
नैना सरीन का टैलेंट पर जोर
मुंबई, 19 जुलाई। आज के फिल्म और मनोरंजन जगत में, किसी कलाकार की पहचान केवल उनकी अभिनय क्षमता से नहीं, बल्कि उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता से भी जुड़ने लगी है। इस विषय पर वेब सीरीज 'राख' की अभिनेत्री नैना सरीन ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की असली पहचान उसके फॉलोअर्स या सोशल मीडिया छवि से नहीं, बल्कि उसके टैलेंट और मेहनत से होनी चाहिए।
नैना सरीन ने बातचीत में कहा, ''मैंने इस इंडस्ट्री में काम करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें सीखी हैं। लेकिन एक बात पर मेरा विश्वास हमेशा मजबूत रहा है कि टैलेंट ही किसी कलाकार की असली पहचान है। सोशल मीडिया पर पोस्ट, फॉलोअर्स की संख्या या पब्लिक इमेज किसी कलाकार की क्षमता को नहीं दर्शाती।''
उन्होंने आगे कहा, ''आजकल कई बार कलाकारों को उनकी ऑनलाइन लोकप्रियता के आधार पर प्रोजेक्ट्स मिलते हैं। कभी-कभी मुझे लगता है कि अगर मेरे सोशल मीडिया फॉलोअर्स अधिक होते, तो मुझे और भी अवसर मिल सकते थे। लेकिन मुझे ऐसे कई फिल्म निर्माताओं से मिलने का सौभाग्य मिला है, जो केवल कलाकारों की काबिलियत और मेहनत को महत्व देते हैं।''
नैना ने कहा, ''ऐसे लोगों से मुझे उम्मीद है कि भविष्य में असली प्रतिभा को हमेशा प्राथमिकता मिलेगी। मैंने अपने करियर में कई ऑडिशन दिए हैं, एक्टिंग की ट्रेनिंग ली है और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश की है। मुझे जो भी काम मिला है, वह मेरी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।''
उन्होंने यह भी कहा, ''एक कलाकार को धैर्य रखना चाहिए और अपने काम पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। मेरा मानना है कि अगर किसी कलाकार में सच में प्रतिभा है, तो उसे पहचान जरूर मिलेगी। भले ही इसमें समय लगे, लेकिन मेहनत और ईमानदारी कभी व्यर्थ नहीं जाती।''
'राख' एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जिसमें नैना सरीन के साथ अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर जैसे कलाकार भी शामिल हैं। इस आठ एपिसोड वाली सीरीज का प्रीमियर 12 जून को वैश्विक स्तर पर हुआ था।
.png)