Movie prime

कौन हैं मनीषा कोइराला के दादाजी बी.पी. कोइराला? जानें उनके योगदान और विरासत के बारे में

अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने दादाजी बी.पी. कोइराला की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके लोकतंत्र के प्रति समर्पण और उनके विचारों की प्रासंगिकता को याद किया। बी.पी. कोइराला नेपाल के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री थे और उनके योगदान को मनीषा ने अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया। जानें उनके जीवन और विरासत के बारे में इस लेख में।
 

मनीषा कोइराला ने दादाजी को दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 8 सितंबर। अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने दादाजी बी.पी. कोइराला की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके लोकतंत्र के प्रति समर्पण को याद किया।


मनीषा ने इंस्टाग्राम पर दादाजी की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की, जिसमें वे भाषण देते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लिखा, "बी.पी. कोइराला की जयंती पर हम उस दूरदर्शी नेता को याद करते हैं, जिन्होंने अपने जीवन को लोकतंत्र, मानव गरिमा, राष्ट्रीय एकता और प्रगति के लिए समर्पित किया।"


बी.पी. कोइराला नेपाल के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री थे, जो 1959 से 1960 तक इस पद पर रहे। वे नेपाली कांग्रेस पार्टी के एक प्रमुख नेता भी थे।


मनीषा ने आगे कहा, "राष्ट्रीय मेलमिलाप के लिए उनका आह्वान हमें याद दिलाता है कि मतभेदों को पार कर राष्ट्र के लिए एकजुट होना ही नेपाल की ताकत है। उनके विचार, साहस और दृष्टिकोण आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। आइए, लोकतंत्र, संवाद, गरिमा और मेलमिलाप के साथ उस नेपाल का निर्माण करें जिसका सपना उन्होंने देखा था।"


राजनीति के अलावा, बी.पी. कोइराला एक प्रसिद्ध क्रांतिकारी, विचारक और लेखक भी थे, जिन्होंने अपने उपन्यासों और लेखन के माध्यम से प्रेम, संघर्ष और मानवाधिकारों को एक नई आवाज दी। छात्र जीवन में उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में सक्रिय भाग लिया था। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से शिक्षा प्राप्त की थी।


उनके भाई मातृका प्रसाद कोइराला और गिरिजा प्रसाद कोइराला भी नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।


अभिनय के क्षेत्र में, मनीषा को आखिरी बार प्रसिद्ध फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की 2024 की पहली डिजिटल सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में देखा गया था। इस सीरीज में मनीषा के साथ अदिति राव हैदरी, ऋचा चड्ढा, संजीदा शेख, सोनाक्षी सिन्हा, शर्मिन सहगल, शेखर सुमन, अध्ययन सुमन और ताहा शाह बदुशा भी शामिल हैं।


OTT