कौन हैं एहसान नूरानी? जानें उनके जन्मदिन पर शंकर महादवेन की शुभकामनाएं!
एहसान नूरानी का जन्मदिन
मुंबई, 12 अक्टूबर। प्रसिद्ध संगीतकार और गायक एहसान नूरानी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर उनके करीबी दोस्त और गायक शंकर महादवेन ने उन्हें बधाई दी है।
एहसान नूरानी भारतीय संगीत की मशहूर तिकड़ी 'शंकर-एहसान-लॉय' के एक अहम सदस्य हैं। शंकर महादवेन ने इंस्टाग्राम पर एहसान के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनके साथ बिताए गए यादगार लम्हों की झलक दिखाई देती है। उन्होंने लिखा, "संगीत बनाने से लेकर जीवनभर की यादें संजोने तक का सफर। जन्मदिन मुबारक हो, एहसान! हमारे संगीत, मस्ती, हंसी और इस भाईचारे के नाम जो हर दिन और मजबूत होता जा रहा है। हमें और भी यादें बनानी हैं और नए गाने तैयार करने हैं। लव यू भाई।"
शंकर-एहसान-लॉय भारत की एक अत्यंत लोकप्रिय संगीतकार तिकड़ी है, जिसमें शंकर महादेवन (गायक), एहसान नूरानी (गिटार वादक) और लॉय मेंडोंसा (कीबोर्ड/पियानो वादक) शामिल हैं। इस तिकड़ी ने फिल्मों में आने से पहले विज्ञापनों के लिए 'जिंगल्स' तैयार किए थे। उन्हें फिल्म निर्माता मुकुल आनंद ने पहली बार फिल्म के लिए संगीत देने का अवसर दिया।
मुकुल आनंद ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें फिल्म 'दस' के लिए संगीत तैयार करने का मौका दिया, जिससे इस ऐतिहासिक तिकड़ी का उदय हुआ। इस समूह ने 'दिल चाहता है', 'कल हो ना हो', 'लक्ष्य', 'माय नेम इज खान', 'रंग दे बसंती', 'भाग मिल्खा भाग', 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'बंदिश बैंडिट्स' (वेब सीरीज) और 'सैम बहादुर' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में अद्भुत संगीत दिया है। हिंदी के अलावा, इस तिकड़ी ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और मराठी फिल्मों में भी शानदार संगीत प्रस्तुत किया है।
एहसान नूरानी इस तिकड़ी के प्रमुख गिटारिस्ट और संगीतकार हैं। उन्होंने अपनी गिटार की धुनों से बॉलीवुड के कई गानों को अमर बना दिया है। वह भारत के पहले गिटारवादक हैं, जिन्हें प्रसिद्ध गिटार निर्माता कंपनी फेंडर द्वारा मान्यता प्राप्त है और उनके नाम पर सिग्नेचर गिटार श्रृंखला भी रही है।
.png)