Movie prime

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी: बॉलीवुड सितारों ने किया सलाम!

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने फ्लाईदुबई के विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाकर सभी का दिल जीत लिया है। बॉलीवुड के कई सितारों ने उनकी बहादुरी की सराहना की है। जैकी श्रॉफ, शिल्पा शेट्टी, अक्षरा सिंह और वरुण धवन जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित के साहस को सलाम किया है। जानें और किसने क्या कहा और कैसे इस घटना ने सभी को प्रेरित किया।
 

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना

मुंबई, 2 अक्टूबर। फ्लाईदुबई के विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की हर जगह चर्चा हो रही है। मनोरंजन जगत के कई सितारे भी उनकी इस साहसिकता की प्रशंसा कर रहे हैं। कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित के साहस को सलाम किया।


जैकी श्रॉफ ने कैप्टन और इस घटना में शामिल सभी लोगों को सलाम किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "कुछ हीरो चुपचाप अपना काम करते हैं। कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरा सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा टाल दिया।"


शिल्पा शेट्टी ने प्रभावित लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया और कैप्टन के इस कदम की सराहना की। उन्होंने लिखा, "इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए दिल से दुआ और कैप्टन स्मित मच्छार के लिए दिल से सम्मान, जिन्होंने 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाई।"


भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी पायलट स्मित मच्छार की प्रशंसा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कैप्टन की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "हिम्मत केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि यह कठिन समय में लिया गया सही निर्णय है। कैप्टन स्मित मच्छार ने लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली।"


उन्होंने आगे कहा, "कठिन घड़ी में उन्होंने जिस साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान में सवार सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम। आपकी हिम्मत और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।"


वरुण धवन ने भी इंस्टाग्राम पर कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "सलाम हमारे कैप्टन स्मित मच्छार को। आपकी हिम्मत और बहादुरी ने हम सभी को गर्व महसूस कराया है। आप हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। जय हिंद।"


प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुई घटना के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की प्रशंसा की। इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, "स्मित मच्छार को दिल से सलाम। इसमें कोई संदेह नहीं कि वह बड़े सम्मान के हकदार हैं।"


इसके अलावा, अभिनेता आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर, कंगना रनौत और विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की।


OTT